Dharmendra Pradhan : पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा देने के बाद सोमवार को पहली बार संसद परिसर में सार्वजनिक तौर पर अपनी प्रतिक्रिया दी. संसद पहुंचने पर एनडीए सांसदों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. उन्हें पारंपरिक पाग पहनाकर सम्मानित किया गया और कई सांसदों ने उनके समर्थन में नारे भी लगाए. पूरे घटनाक्रम के दौरान धर्मेंद्र प्रधान मुस्कुराते हुए दिखाई दिए.
संसद परिसर में कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की और कथित तौर पर उनसे कहा, क्या हुआ. इस पर धर्मेंद्र प्रधान ने तुरंत जवाब देते हुए कहा कि कुछ नहीं हुआ. मैं स्ट्रीट फाइटर हूं, एसी कमरे में बैठने वाला एक्टिविस्ट नहीं. उनके इस बयान को राजनीतिक हलकों में एक मजबूत संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि इस्तीफे के बावजूद उनका आत्मविश्वास बरकरार है.
एनडीए के एक सांसद ने इस मौके पर कहा कि यह शायद पहली बार है जब किसी केंद्रीय मंत्री ने अपने ऊपर कोई व्यक्तिगत आरोप न होने के बावजूद नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ दिया. भाजपा नेताओं ने भी धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल और संगठन में उनके योगदान की सराहना की.
राजनीतिक गलियारों में अब इस बात की चर्चा तेज है कि धर्मेंद्र प्रधान को भाजपा संगठन में नई जिम्मेदारी दी जा सकती है. पार्टी के भीतर उन्हें लंबे समय से एक मजबूत संगठनकर्ता और चुनावी रणनीतिकार माना जाता है. इससे पहले वे उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में पार्टी की चुनावी रणनीति की अहम जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.