गाजियाबाद: विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित गौर सिद्धार्थम सोसाइटी में मंगलवार शाम एक दिल दहलाने वाली घटना घटी. 16 वर्षीय किशोरी 15वीं मंजिल से गिर गई और उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. गंभीर हालत में किशोरी को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. लिस को जांच के दौरान एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें किशोरी ने एकेडमिक दबाव को नहीं झेल पाने का जिक्र किया है.
क्या है पूरा मामला?
थाना विजयनगर प्रभारी निरीक्षक धर्मपाल सिंह ने बताया कि घटना मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे की है. करीब 7 बजे डायल-112 के जरिए पुलिस को सूचना मिली कि गौर सिद्धार्थम सोसाइटी के आई टावर की 15वीं मंजिल से एक लड़की गिर गई है. पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और किशोरी को अस्पताल ले गई, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतका की पहचान शनाया विष्ट (16) के रूप में हुई है. वह फ्लैट नंबर 1576, आई टावर की रहने वाली थीं. उनके पिता का नाम देवेंद्र सिंह है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है. सुसाइड नोट में अकादमी के दबाव का जिक्र मिलने के बाद पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. यह घटना सोसाइटी में शाम को हड़कंप मचा गई. पड़ोसी और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए थे.
रिपोर्ट- प्रवीन मिश्रा, गाजियाबाद