लाइक-व्यू का खेल था बेटी की सहेली से 75 साल के बुजुर्ग की शादी! पति के पास लौटी रानी

Amanat Ansari 23 Oct 2026 03:25 PM 1 Mins
लाइक-व्यू का खेल था बेटी की सहेली से 75 साल के बुजुर्ग की शादी! पति के पास लौटी रानी

औरैया: 75 साल के बुजुर्ग रामसुगर और उनकी बेटी की 30 साल की सहेली रानी की सगाई-शादी का मामला अब सिर्फ सोशल मीडिया के लाइक-व्यू बढ़ाने का ड्रामा साबित हुआ है. शुक्रवार को रानी ने वीडियो जारी कर पूरे प्रकरण को खत्म कर दिया और अपने असली पति के पास लौटने का ऐलान कर दिया.

कुछ दिनों पहले सगाई और हल्दी की रस्में वायरल होने के बाद यह मामला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया था. लेकिन अब रानी ने साफ कह दिया कि सबकुछ सिर्फ व्यूज के लिए किया गया था. उन्होंने कहा, “मेरे छोटे-छोटे बच्चे हैं. इनके पिता के साथ हम असलियत में कैसे शादी कर लेते?”

पति लौटे, परिवार पूरा

रानी ने बताया कि बुजुर्ग के साथ सगाई का वीडियो सोशल मीडिया पर देखकर उनका दूर रह रहा पति वापस लौट आया. घर में खूब लड़ाई हुई. पति का कहना था कि तलाक लिए बिना दूसरी शादी कैसे हो सकती है. अब रानी ने तय कर लिया है कि वे अपने पति के साथ ही रहेंगी. नए वीडियो में उन्होंने पति को फूलों का हार पहनाया और दोबारा ‘शादी’ का ड्रामा भी किया.

बच्चों की तरफ इशारा करते हुए कहा कि उनका परिवार अब पूरा हो गया है. उन्होंने अपनी सहेली राधा और उनके परिवार को चेतावनी देते हुए कहा कि अब उनके बारे में कोई ब्लॉग या वीडियो न डाला जाए. “अब मुझे न राधा से मतलब है, न उसकी दीदी से और न ही उसके पापा से कोई लेना-देना है.”

राधा नाराज, रानी का पलटवार

बुजुर्ग की बेटी राधा ने इस फैसले पर नाराजगी जताते हुए इसे धोखा बताया. रानी ने पलटवार करते हुए कहा कि राधा के कहने पर ही सबकुछ ड्रामा किया गया था. “उसे भी पता है कि सबकुछ नाटक हो रहा था. मेरे बच्चे हैं, उन्हें छोड़कर मैं उसके पिता से असलियत में शादी कैसे कर लूंगी?” इस तरह सोशल मीडिया पर वायरल हुई उम्र के बड़े अंतर वाली ‘प्रेम कहानी’ शादी से पहले ही खत्म हो गई.

Recent News