जामिया की दीवारों पर फ्री कश्मीर के नारे, शरजील इमाम के लिए जताया प्यार, एबीवीपी ने जताई आपत्ति

Amanat Ansari 23 Oct 2026 02:45 PM 1 Mins
जामिया की दीवारों पर फ्री कश्मीर के नारे, शरजील इमाम के लिए जताया प्यार, एबीवीपी ने जताई आपत्ति

नई दिल्ली: दिल्ली की जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी की दीवारों पर विवादित और आपत्तिजनक नारे लिखे जाने का मामला सामने आया है. परिसर की कई दीवारों पर ‘फ्री कश्मीर’ के नारे लिखे गए हैं. साथ ही 2020 के दिल्ली दंगों के आरोपी शरजील इमाम को जेल से आजादी दिलाने की मांग वाले नारे भी लिखे गए हैं, उनके नाम के साथ दिल का निशान बनाकर प्यार जाहिर किया गया है.

आरएसएस, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और कुलपति के खिलाफ भी नारे लिखे गए हैं. सोशल मीडिया पर इन तस्वीरों के वायरल होने के बाद एबीवीपी ने इन नारों को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है और सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

दिल्ली पुलिस को भी इस बाबत कोई शिकायत नहीं मिली है. शरजील इमाम 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों के मामले में करीब छह साल से जेल में हैं. पुलिस उन्हें साजिशकर्ताओं में से एक बताती है. इन दंगों में 53 लोगों की मौत हुई थी और 700 से अधिक लोग घायल हुए थे.

छात्र संघ बहाली को लेकर चल रहा प्रदर्शन

यह घटना ऐसे समय पर सामने आई है जब छात्र संघ बहाल करने की मांग को लेकर परिसर में छात्रों का धरना-प्रदर्शन चल रहा है. 2006 में भंग किए गए छात्र संघ को बहाल करने की मांग पर भूख हड़ताल कर रहे छात्रों को हटाने के बाद प्रदर्शनकारी फिर परिसर में दाखिल हो गए. नवगठित संगठन ‘यूनाइटेड स्टूडेंट्स ऑफ जामिया’ ने प्रशासन पर छात्र संघ चुनाव की तारीख घोषित करने के लिए दबाव बनाने की कोशिश की है.

Recent News