नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोदिमिर जेलेंस्की से सीधे अपील की कि वे रूस के डीजल सप्लाई और रिफाइनरियों पर हमले बंद कर दें. ट्रंप ने कहा कि ये हमले वैश्विक स्तर पर डीजल की कमी पैदा कर रहे हैं और “दुनिया को नुकसान” पहुंचा रहे हैं.
आयरलैंड के डूनबेग गोल्फ क्लब (जहां आयरिश ओपन हो रहा है) में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, ''मिस्टर जेलेंस्की को एक काम करना है. उन्हें रूस में डीजल फ्यूल को नष्ट करना बंद करना होगा. उनके पास और भी कई टारगेट हैं. डीजल पर हमला मत करो, क्योंकि इससे दुनिया को नुकसान हो रहा है.''
ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने जेलेंस्की से इस मुद्दे पर बात की है. उन्होंने दावा किया कि डीजल की वर्तमान कमी मध्य पूर्व (ईरान युद्ध) की वजह से नहीं, बल्कि रूस-यूक्रेन संघर्ष की वजह से है. अमेरिका में डीजल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं.
यूक्रेन हाल के महीनों में रूस के तेल-गैस इंफ्रास्ट्रक्चर पर लंबी दूरी के ड्रोन हमले बढ़ा रहा है. कीव का तर्क है कि ये सुविधाएं रूस के युद्ध को वित्तपोषित करती हैं. इन हमलों के कारण रूस के कुछ हिस्सों में ईंधन राशनिंग भी शुरू हो गई है.
रात भर दोनों पक्षों ने बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए. रूस के तातारस्तान में दो लोगों की मौत और 14 घायल हुए, जबकि क्रास्नोडार क्षेत्र में भी नुकसान की खबर है. यूक्रेन ने भी रूसी हमलों में ओडेसा समेत कई जगहों पर नुकसान की जानकारी दी.
वहीं क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि अक्टूबर में यूक्रेन, अमेरिका और रूस के बीच त्रिपक्षीय शांति वार्ता फिर शुरू होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. ट्रंप का यह बयान तब आया है जब वैश्विक ईंधन कीमतें बढ़ रही हैं और अमेरिकी मिडटर्म चुनाव नजदीक हैं.