लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को औद्योगिक विकास और निर्यात के नए पंख लगते दिखाई दे रहे हैं. ब्रिक्स सदस्य और सहयोगी देशों के बाजारों में यूपी के उत्पादों की पहुंच लगातार मजबूत हुई है. उपलब्ध निर्यात आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश ने ब्रिक्स और सहयोगी देशों को कुल 47,484 करोड़ रुपये का निर्यात किया है. यह प्रदेश के करीब दो लाख करोड़ के कुल निर्यात का 23.7 प्रतिशत है. इसमें ब्रिक्स सदस्य देशों को 34,811 करोड़ और सहयोगी देशों को 12,673 करोड़ का निर्यात शामिल है.
ब्रिक्स के बढ़ते आर्थिक प्रभाव के बीच यूपी के लिए इन बाजारों की अहमियत और बढ़ गई है. समूह में ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, ईरान, सऊदी अरब, यूएई, इंडोनेशिया और अन्य उभरती अर्थव्यवस्थाएं शामिल हैं. इन देशों में बड़ी आबादी और बढ़ती उपभोक्ता मांग यूपी के निर्यातकों के लिए बड़ा अवसर बन सकती है.
ब्रिक्स देशों में यूएई यूपी का सबसे बड़ा निर्यात बाजार है. यहां प्रदेश से 15,133 करोड़ का निर्यात हुआ. इसके बाद सऊदी अरब को 4,938 करोड़, मिस्र को 3,848 करोड़, इंडोनेशिया को 2,670 करोड़, चीन को 2,497 करोड़ और ब्राजील को 2,209 करोड़ का निर्यात किया गया. रूस को 1,584 करोड़, दक्षिण अफ्रीका को 1,690 करोड़, ईरान को 131 करोड़ और इथियोपिया को 110 करोड़ का निर्यात हुआ.
वहीं, सहयोगी देशों में वियतनाम 5,949 करोड़ के निर्यात के साथ सबसे आगे रहा. मलेशिया को 3,740 करोड़ और उज्बेकिस्तान को 1,339 करोड़ का निर्यात किया गया. थाईलैंड, नाइजीरिया, युगांडा, कजाखस्तान, बोलीविया और बेलारूस भी यूपी के निर्यात बाजार हैं.
यूपी से इन देशों को इलेक्ट्रिकल मशीनरी, मशीनरी एवं यांत्रिक उपकरण, परिधान, वस्त्र, आभूषण, एल्युमिनियम और चमड़ा उत्पाद समेत कई सामान भेजे जा रहे हैं. ब्रिक्स देशों को अकेले इलेक्ट्रिकल मशीनरी का करीब 3,894 करोड़ और परिधान-वस्त्र का 2,527 करोड़ का निर्यात हुआ.
योगी सरकार के औद्योगिक विजन में निवेश, बेहतर कनेक्टिविटी, एमएसएमई, रोजगार और निर्यात प्रोत्साहन पर जोर दिया जा रहा है. ऐसे में ब्रिक्स और सहयोगी देशों में यूपी की बढ़ती पहुंच प्रदेश के पारंपरिक उद्योगों से लेकर आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर तक के लिए वैश्विक बाजार खोल सकती है. गुणवत्ता, पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स और ब्रांडिंग को और मजबूत किया गया तो यूपी के निर्यात को आने वाले समय में और बड़ी उड़ान मिल सकती है.