वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान ईरान और खाड़ी देशों के बीच हो रही बातचीत पर अपना रुख साफ कर दिया. उन्होंने कहा कि उन्हें इस मुलाकात से कोई फर्क नहीं पड़ता. ट्रंप ने आयरिश ओपन गोल्फ चैंपियनशिप में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ''मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता. यह उन पर निर्भर है. यह ठीक है.''
यह टिप्पणी तब आई जब नई दिल्ली में BRICS समिट के साइडलाइंस पर ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान और UAE के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की मुलाकात हुई. दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की.
ट्रंप ने दोहराया कि ईरान के साथ युद्ध इस साल खत्म हो जाएगा, संभवतः नवंबर में होने वाले अमेरिकी मिडटर्म चुनावों के तुरंत बाद. उन्होंने कहा, ''ईरान युद्ध मिडटर्म के ठीक बाद खत्म होगा, शायद पहले भी. गैसोलीन की कीमतें तेजी से गिरेंगी.'' उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान डील करने के लिए बेकरार है और लगातार संपर्क कर रहा है, लेकिन कोई भी समझौता उनके शर्तों पर ही होगा.
वहीं ईरानी राष्ट्रपति पेजेशकियान ने कहा कि तेहरान को UAE या अन्य क्षेत्रीय देशों से कोई समस्या नहीं है. उनकी आपत्ति अमेरिकी सैन्य ठिकानों के इस्तेमाल को लेकर है. BRICS नेताओं ने न्यू दिल्ली डिक्लेरेशन 2026 में पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर गहरी चिंता जताई और संयम बरतने तथा कूटनीति के जरिए शांति स्थापित करने की अपील की है.