सोमालिया तट पर हथियारों से लदे जहाज का अपहरण, क्रू में 6 भारतीय शामिल; अब तक क्या-क्या पता चला?

Amanat Ansari 21 Aug 2026 03:35 PM 1 Mins
सोमालिया तट पर हथियारों से लदे जहाज का अपहरण, क्रू में 6 भारतीय शामिल; अब तक क्या-क्या पता चला?

नई दिल्ली: सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास समुद्री डाकुओं ने तुर्की के हथियारों से लदे एक कार्गो जहाज का अपहरण कर लिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हाईजैक हुए जहाज पर 10 क्रू मेंबर्स मौजूद हैं, जिनमें 6 भारतीय नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं.

किस जहाज का हुआ अपहरण?

हाईजैक हुए जहाज का नाम एम/वी लुटुफ (M/V LUTUF) है. यह कैमरून के झंडे वाला जहाज है और इसका स्वामित्व पोलर मूवमेंट शिपिंग के पास है. सोमाली अधिकारी के अनुसार, जहाज को पुंटलैंड के ईल जिले में मरराया से करीब 3.5 समुद्री मील दूर से अगवा किया गया. यह जहाज मोगादिशु में स्थित एक सैन्य प्रशिक्षण केंद्र के लिए तुर्की के हथियार, संचार उपकरण और सैटेलाइट उपकरण ले जा रहा था.

क्रू में कौन-कौन शामिल?

  • 6 भारतीय नागरिक
  • 1 तुर्की नागरिक
  • 1 जॉर्जियाई नागरिक
  • 2 सर्बियाई सुरक्षा गार्ड

तुर्की और भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है. सोमाली अधिकारी के मुताबिक, जहाज पर कब्जा करने में 8 समुद्री डाकू शामिल थे. माना जा रहा है कि यह समूह 26 अप्रैल को एम/वी स्वॉर्ड के अपहरण में शामिल गुट से जुड़ा है. डाकू जहाज को पुंटलैंड के डांगोरोयो जिले में गरमाल के पास तट की ओर ले गए.

अपहरण के बाद तुर्की के दो जहाज हाईजैक पोत के करीब पहुंचे, जबकि तुर्की हेलीकॉप्टर और ड्रोन ने क्षेत्र की निगरानी की. मंगलवार को एक छोटी नाव में सवार दो लोग जहाज के पास पहुंचे और खाट (सोमालिया में चबाया जाने वाला नशीला पदार्थ) पहुंचाया. नाव के लौटने के बाद एक एयरस्ट्राइक हुई, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई और 2 घायल हुए. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हवाई हमला किसने किया.

समुद्री डकैती की बढ़ती चिंता

इस घटना के तुरंत बाद गुरुवार को अदन की खाड़ी में अमेरिकी प्रतिबंध वाले टैंकर ‘सीमुल’ पर 6 हथियारबंद लोगों ने कब्जा कर लिया. सोमालिया तट पर 2011 के बाद समुद्री डकैती में कमी आई थी, लेकिन इस साल अप्रैल से फिर हमले बढ़े हैं. जहाज, क्रू और हथियारों की मौजूदा स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है.

Somalia Puntland coast pirates Turkish weapons cargo ship hijacking ship hijack

Recent News