मुंबई: पवई इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. एक व्यक्ति ने ट्रांसजेंडर का वेश बनाकर 25 वर्षीय एयरहोस्टेस के फ्लैट में घुसकर यौन उत्पीड़न किया. पुलिस ने आरोपी अनिल शिंदे (28) को घटना के कुछ घंटों के अंदर कलवा से गिरफ्तार कर लिया है.
मंगलवार दोपहर करीब 12:20 से 12:50 बजे के बीच यह वारदात हुई. आरोपी साड़ी पहने ट्रांसजेंडर का भेष धरकर पवई की एक बहुमंजिला इमारत में घुसा. उसने सिक्योरिटी गार्ड का विश्वास जीतकर तीसरी मंजिल पर पहुंच कई फ्लैटों पर दस्तक दी.
पीड़िता का पति अस्पताल में भर्ती था. आरोपी ने दावा किया कि वह बुरी नजर उतारकर उसके पति को ठीक कर सकता है. पीड़िता उसकी बातों में आ गई और दरवाजा खोल दिया. अंदर आने के बाद आरोपी ने पानी छिड़कने और सिर पर हाथ रखने जैसी रस्म का बहाना बनाया. पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद उसने यौन उत्पीड़न किया और 200 रुपये लेकर फरार हो गया.
पीड़िता रात करीब 11 बजे थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई. डिप्टी कमिश्नर (वेस्ट जोन-3) दत्ता नालावड़े के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने पवई से कलवा तक 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. आरोपी के मूवमेंट को ट्रैक करते हुए बुधवार तड़के कलवा की झुग्गी बस्ती से उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस के अनुसार, आरोपी का परिवार किन्नर का वेश बनाकर भीख मांगने का काम करता था. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या उसने पहले भी ऐसी घटनाएं अंजाम दी हैं. उसके खिलाफ दुष्कर्म और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.