जमानत मिलते ही लव ट्रायंगल में फंसा गैंगस्टर! दोस्त ने चाकू से गोदकर कर दी हत्या, एक ही लड़की के चक्कर में गई जान

Amanat Ansari 21 Aug 2026 05:01 PM 1 Mins
जमानत मिलते ही लव ट्रायंगल में फंसा गैंगस्टर! दोस्त ने चाकू से गोदकर कर दी हत्या, एक ही लड़की के चक्कर में गई जान

नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर में जेल से जमानत पर बाहर आए एक कुख्यात गैंगस्टर की उसके ही दोस्त और साथी गैंगस्टर ने चाकू मारकर हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे एक महिला को लेकर विवाद था. दोनों एक ही लड़की से प्यार करते थे. मृतक की पहचान 27 वर्षीय गौरव पंकज रागड़े के रूप में हुई है. वह करीब दो हफ्ते पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था. उस पर हत्या, हत्या के प्रयास और डकैती समेत करीब नौ मामले दर्ज थे.

वह नागपुर के चर्चित ‘गमछू’ हत्याकांड में भी आरोपी था. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रागड़े पिछले करीब दो साल से मुंबई की एक महिला (नाम बदला हुआ- रानी) के साथ प्रेम संबंध में था. जेल में रहने के दौरान उसके दोस्त गौरव रामभाऊ राउत की इस महिला से मुलाकात हुई और दोनों करीब आ गए.

महिला अपराध की दुनिया से दूर होना चाहती थी. उसने राउत के साथ मिलकर नरेंद्र नगर इलाके में क्लाउड किचन शुरू किया और दोनों पास में ही किराए के मकान में रहने लगे. रागड़े को जब इस रिश्ते का पता चला तो वह बहुत नाराज हो गया. गुरुवार दोपहर रानी, राउत के घर पहुंची जहां उसके कुछ दोस्त भी पार्टी कर रहे थे. जानकारी मिलते ही रागड़े गुस्से में वहां पहुंच गया.

दरवाजा बंद मिलने पर उसने पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, गालियां दीं और कमरे में तोड़फोड़ की. राउत और उसके दोस्त पीछे के दरवाजे से भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन रागड़े उनका पीछा करता रहा. सुंदरबन नाले के पास एक पुलिया पर दोनों के बीच हिंसक झड़प हो गई. रागड़े नीचे गिर गया. इसी दौरान राउत का साथी अभिषेक वासनिक भी पहुंच गया. दोनों ने रागड़े से चाकू छीन लिया और उसी से उस पर कई वार कर दिए.

रागड़े के जमीन पर गिरते ही आरोपी फरार हो गए. आसपास के लोगों ने शोर मचाया और कुछ ने घटना को मोबाइल में रिकॉर्ड भी किया. घटना के समय पास में गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों का पीछा किया.

करीब 1.5 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिसकर्मी मनीष भालमे ने गौरव राउत को पकड़ लिया और हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया. घायल रागड़े को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हत्या का मामला बेलतरोड़ी थाने में दर्ज किया गया है. पुलिस अब अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

Nagpur Gangster Murder Nagpur Crime Gaurav Ragde Murder Gangster Murder

Recent News