कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में पुलिस की संवेदनशील पहल की एक भावुक तस्वीर सामने आई है. यहां एक दिव्यांग महिला करीब 25 किलोमीटर का सफर तय कर अपनी बेटी के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं. इस बार उनके हाथ में कोई शिकायत नहीं, बल्कि एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के लिए एक छोटा सा उपहार था। महिला का नाम नीतू द्विवेदी बताया गया है.
एसपी से मुलाकात होते ही नीतू भावुक हो गईं और उनसे गले लगकर रो पड़ीं. एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने भी उन्हें संभाला और उनकी बात सुनी. दरअसल, कुछ समय पहले नीतू ने अपने गांव में पानी की सप्लाई बंद होने की समस्या को लेकर शिकायत की थी. मामला सीधे तौर पर पुलिस विभाग से जुड़ा नहीं था, लेकिन नीतू की परेशानी को देखते हुए एसपी ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर समस्या के समाधान के लिए पहल की.
एसपी की पहल के बाद गांव में जलापूर्ति बहाल हो गई. पानी की समस्या दूर होने से नीतू और उनके परिवार को बड़ी राहत मिली. इसी मदद के लिए आभार जताने वह अपनी बेटी के साथ एसपी कार्यालय पहुंचीं और श्रद्धा नरेंद्र पांडेय को पेन भेंट किया.
नीतू के इस भावुक अंदाज ने वहां मौजूद लोगों का भी ध्यान खींचा. एसपी ने नीतू और उनकी बेटी को हरसंभव मदद का भरोसा दिया. साथ ही उन्होंने नीतू की बेटी को मन लगाकर पढ़ाई करने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. यह पूरा मामला पुलिस की उस मानवीय भूमिका को सामने लाता है, जहां वर्दी सिर्फ कानून-व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं रहती, बल्कि जरूरतमंद की परेशानी दूर करने में भी मददगार बनती है.