मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बीबी जीटीएस मूर्ति ने शुक्रवार को जिले में पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण कर लिया. चार्ज संभालने के दौरान उनका अलग अंदाज भी चर्चा का विषय बना रहा. नवनियुक्त SSP पारंपरिक भारतीय वेशभूषा कुर्ता-धोती पहनकर पुलिस कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के बीच आकर्षण का केंद्र रहे.
पदभार ग्रहण करने पहुंचे SSP बीबी जीटीएस मूर्ति का अधीनस्थ अधिकारियों ने बुके देकर स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली. हालांकि, उनकी प्राथमिकताओं को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.
मेरठ पश्चिमी उत्तर प्रदेश का महत्वपूर्ण जिला होने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था के लिहाज से भी संवेदनशील माना जाता है. ऐसे में नए SSP के सामने अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और पुलिस की त्वरित कार्रवाई को मजबूत करने जैसी कई चुनौतियां रहेंगी.
चार्ज संभालने के बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से बेहतर समन्वय बनाकर काम करने की उम्मीद जताई जा रही है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में SSP जिले के थानों और पुलिस अधिकारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करेंगे और अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर सकते हैं.
वहीं, पदभार ग्रहण करने के लिए कुर्ता-धोती में पहुंचे SSP बीबी जीटीएस मूर्ति की तस्वीरें और उनका पारंपरिक अंदाज सोशल मीडिया पर भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया. अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत करते हुए नए SSP के साथ बेहतर पुलिसिंग की उम्मीद जताई.