मुरादाबाद : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र से प्रेम प्रसंग और निकाह का एक मामला सामने आया है. यहां तीन बच्चों की मां ने छह बच्चों के पिता के साथ निकाह कर लिया. दोनों के बीच करीब तीन साल से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि दोनों ने परिजनों से छिपकर निकाह और कोर्ट मैरिज कर ली.
जानकारी के मुताबिक, महिला के पहले पति की करीब पांच साल पहले मौत हो चुकी है. पति की मौत के बाद महिला अपने तीन बच्चों के साथ ससुराल में रह रही थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात क्षेत्र के ही एक ऐसे व्यक्ति से हुई, जो छह बच्चों का पिता है. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और मामला प्रेम संबंध तक पहुंच गया.
करीब तीन साल तक चले इस रिश्ते के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला लिया. बताया जा रहा है कि दोनों ने परिवार की जानकारी के बिना निकाह कर लिया और कोर्ट मैरिज भी कर ली. जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो मामला पंचायत तक पहुंच गया.
पंचायत में दोनों पक्षों के लोगों ने मामले को लेकर बातचीत की. इसके बाद महिला ने अपने बच्चों के साथ अपने नए पति के साथ जाने का फैसला किया. महिला के इस फैसले के बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है.स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार, दोनों ने अपनी मर्जी से शादी की है.