क्लास 8 के स्टूडेंट ने चार मिनट में 52 बार कहा सॉरी और फिर …, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

Amanat Ansari 30 Nov 2025 02:51: PM 1 Mins
क्लास 8 के स्टूडेंट ने चार मिनट में 52 बार कहा सॉरी और फिर …, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

नई दिल्ली: रतलाम जिले के एक निजी स्कूल में 14 साल के आठवीं क्लास के मेधावी छात्र ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी. वह राष्ट्रीय स्तर का स्केटिंग खिलाड़ी है और अब तक 6 राष्ट्रीय पदक जीत चुका है. 4 दिसंबर 2025 को विशाखापट्टनम में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उसका चयन हो चुका था.

घटना के दिन का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. इसमें बच्चा प्रिंसिपल रूम में अंदर जाता दिख रहा है. करीब चार मिनट तक वह बार-बार हाथ जोड़कर और डरते हुए “सॉरी… सॉरी…” बोलता रहता है. पुलिस के मुताबिक इन चार मिनटों में उसने 52 बार माफी मांगी. उसके चेहरे पर घबराहट और डर साफ दिख रहा था. इसके तुरंत बाद वह कमरे से बाहर भागा, कॉरिडोर में दौड़ता हुआ गया और छत से कूद गया.

स्कूल प्रबंधन का कहना है कि दो दिन पहले कक्षा 10 के किसी छात्र ने क्लासरूम की एक वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दी थी, जो वायरल हो गई थी. उसी मामले में बच्चे के माता-पिता को स्कूल बुलाया गया था. प्रिंसिपल के कमरे में जैसे ही उसे अपने माता-पिता दिखे, वह बुरी तरह डर गया और यह कदम उठा लिया.

स्कूल मैनेजर राजेंद्र पिटलिया ने बताया, “बच्चा सहमा हुआ था, जैसे ही अभिभावक आए उसने भागकर छलांग लगा दी.” अभी उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. पहले उसे सीएचएल हॉस्पिटल ले जाया गया, बाद में गीतादेवी हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया.

बच्चे के पिता (जो खुद एक डॉक्टर हैं और मां पटवारी हैं) ने अस्पताल से कहा, “मुझे स्कूल बुलाया गया था. मैं वहां पहुंचा तो पता चला कि मेरा बेटा कूद चुका है. अभी वह बोलने की हालत में नहीं है. मुझे नहीं पता आखिर हुआ क्या था.”

पुलिस और जिला शिक्षा विभाग दोनों मामले की जांच कर रहे हैं. रतलाम के सीएसपी सत्येंद्र गंगोरिया और जिला शिक्षा अधिकारी अनीता सागर ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी. बच्चे का परिवार स्कूल प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है. फिलहाल बच्चे के ठीक होने का इंतजार है, ताकि वह खुद बता सके कि आखिर उसने इतना खतरनाक कदम क्यों उठाया.

Ratlam Student suicide School incident Private school Ratlam

Recent News