नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश महिला क्रिकेट टीम की एक खिलाड़ी ने एक प्रमुख आईपीएल क्रिकेटर पर गंभीर आरोप लगाते हुए नोएडा पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है. पीड़िता ने दावा किया कि आरोपी ने शादी का वादा करके होटल में उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और विरोध करने पर मारपीट की. पीड़िता, जो मूल रूप से हैदराबाद की निवासी है और वर्तमान में नोएडा में पीजी में रहती है, ने बताया कि मई 2025 में सोशल मीडिया पर दोनों की जान-पहचान हुई.
जून से प्रेम संबंध शुरू होने के बाद 29 जुलाई को आरोपी ने उसे सेक्टर-135 के एक होटल में बुलाया. वहां शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया गया. शादी की मांग करने पर आरोपी ने कथित तौर पर पीड़िता के साथ दुर्व्यवहार किया और उसे धमकाकर भगा दिया. अगले दिन 30 जुलाई को एक अज्ञात महिला ने खुद को आरोपी की गर्लफ्रेंड बताते हुए जान से मारने और निजी तस्वीरें-वीडियो लीक करने की धमकी दी.
इसके बाद पीड़िता को बार-बार अज्ञात नंबरों से परेशान करने वाले कॉल आए. 13 अक्टूबर को पीड़िता ने एक्सप्रेसवे थाने में लिखित शिकायत दर्ज की. बुधवार को वह लखनऊ पुलिस मुख्यालय भी पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई.
दूसरी ओर, आरोपी आईपीएल खिलाड़ी ने भी 8 नवंबर को बाराबंकी कोतवाली में पीड़िता के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है. दोनों पक्षों की परस्पर शिकायतों से मामला उलझ गया है और क्रिकेट जगत में खलबली मच गई है. पुलिस अब दोनों एफआईआर की जांच कर रही है.