नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका पर जानलेवा हमला कर सभी को स्तब्ध कर दिया. आरोपी आकाश कश्यप ने गुरुवार देर रात युवती के घर में घुसकर उसे दो गोलियां मार दीं. एक गोली कंधे में लगी, जबकि दूसरी हाथ पर. घायल युवती अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. हमले के बाद आकाश मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
आकाश सरोजिनी नगर थाना क्षेत्र के गौरी बाजार का निवासी है. वह हाल ही में स्कॉर्पियो गाड़ी खरीदकर लाया था और हमेशा अवैध पिस्टल साथ रखता था. पीड़िता के अनुसार, दोनों का रिश्ता करीब छह महीने पुराना था, लेकिन आकाश की शराबखोरी, आपराधिक पृष्ठभूमि और हिंसक स्वभाव सामने आने पर युवती ने उससे दूरी बना ली. खासकर जब एसटीएफ ने उसके खिलाफ कार्रवाई की, तब युवती ने रिश्ता पूरी तरह तोड़ दिया. इसके बाद आकाश उसे लगातार धमकाने और परेशान करने लगा.
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आकाश की क्रूरता के चौंकाने वाले खुलासे किए. उसने बताया कि रिश्ते के दौरान आकाश कई बार उसके साथ मारपीट करता था. जबरन शारीरिक संबंध बनाते समय वह सिगरेट से उसके शरीर को जलाता था और अश्लील वीडियो भी बनाता था. युवती के मुताबिक, आकाश साइबर ठगी के गैंग से जुड़ा था, जिससे उसे अच्छी कमाई होती थी. वह पुलिसवालों से अपनी सेटिंग होने का दावा करता रहता था.
घटना की रात करीब दो बजे आकाश नशे में धुत होकर स्कॉर्पियो से युवती के घर पहुंचा. गेट खुलते ही उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और जबरन अंदर घुस गया. घर में तोड़फोड़ की, फिर युवती के कमरे में जाकर उस पर गोली चला दी. पीड़िता की बड़ी बहन ने बताया कि आकाश ने उनकी सात साल की मासूम बेटी को भी निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन बच्ची डरकर भाग निकली.
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है. यह घटना प्रेम संबंधों में छिपी हिंसा और बदले की भावना की खतरनाक मिसाल पेश करती है.