नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभजीत दिपके रविवार को घर लौट रहे हैं. उन्होंने कहा कि उनकी दादी का निधन हो गया है, इसलिए वे परिवार के साथ रहने जा रहे हैं. वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल के आवास से निकलते हुए दिपके ने दिल्ली में लगाई गई सुरक्षा पाबंदियों पर सवाल उठाए.
उन्होंने कहा, ''मैं अब घर जा रहा हूं परिवार के साथ रहने के लिए, क्योंकि मेरी दादी का निधन हो गया है. आशुतोष और सौरव दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और आगे की कार्ययोजना बताएंगे... पूरी दुनिया ने देखा कि क्या हुआ.'' उन्होंने आगे कहा, ''पूरे दिल्ली को ठप कर दिया गया ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा के लिए. ज्ञानेश कुमार में ऐसा क्या है कि कल करोड़ों लोगों को परेशान किया गया उनकी सुरक्षा के लिए?''
CJP की अगली रणनीति
दिपके ने बताया कि CJP के नेता आशुतोष रांका और सौरव दास दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी की आगे की कार्ययोजना का ऐलान करेंगे. तीनों नेताओं को रविवार को एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया था और एक साल तक शांति बनाए रखने की शर्त पर रिहा किया गया. CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर ‘जंतर मंतर 2.0’ प्रदर्शन का आह्वान किया था. दिल्ली पुलिस ने कानून-व्यवस्था और जन सुरक्षा का हवाला देते हुए अनुमति नहीं दी थी.
परिवार और पुलिस के बीच मतभेद
दिपके के परिवार का आरोप है कि दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बार-बार अनुरोध के बावजूद दिल्ली पुलिस ने उन्हें रिहा नहीं किया. उनकी पैतृक दादी सावित्रीबाई शंकरराव दिपके (85) का शनिवार को महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था. अंतिम संस्कार रविवार सुबह हुआ. वहीं दिल्ली पुलिस ने शनिवार को एक्स पर दावा किया था कि अभजीत को तुरंत दादी के निधन और अंतिम संस्कार के समय की जानकारी दी गई थी. पुलिस ने उनके गृह नगर जाने के लिए हर संभव सुविधा देने की पेशकश भी की थी.