मुंबई: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नया आंदोलन शुरू करने की घोषणा कर दी है. उन्होंने सोमवार को बताया कि 2 अक्टूबर से मुंबई के शिवाजी पार्क में ‘जेल भरो आंदोलन’ शुरू किया जाएगा. हालांकि मुंबई पुलिस ने इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है.
इससे पहले CJP ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था. पार्टी ने चेतावनी दी थी कि अगर वे पद से नहीं हटते तो जंतर-मंतर 2.0 समेत राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. दीपके ने आरोप लगाया था कि चुनावी प्रक्रिया में धांधली हो रही है और नागरिकों से मतदान का अधिकार छीना जा रहा है.
मुंबई पुलिस ने रविवार को शिवाजी पार्क में 2 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया. पुलिस ने हाईकोर्ट के मौजूदा आदेशों, नगर निकाय की अनुमति न होने और ट्रैफिक बाधा का हवाला दिया. एक अधिकारी ने बताया कि उच्च न्यायालय और राज्य सरकार के दिशानिर्देशों के तहत इस मैदान में सार्वजनिक सभाओं की अनुमति देने का अधिकार नहीं है.
अनुमति न मिलने के बाद अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर जेल भरो आंदोलन की घोषणा की. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “मुंबई में जेल भरो आंदोलन, 2 अक्टूबर, शिवाजी पार्क.” यह ऐलान ऐसे समय में हुआ जब पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका को असम में हिरासत में लिया गया था, हालांकि बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया.
इस बीच पेपर लीक मुद्दे पर CJP का समर्थन करने वाले सोनम वांगचुक ने भी इस प्रस्तावित प्रदर्शन का समर्थन जताया है. उन्होंने कहा कि देश में जवाबदेही और चुनावी प्रक्रिया में सुधार के प्रयासों का समर्थन किया जाना चाहिए, हालांकि वे व्यक्तिगत रूप से शायद मौजूद नहीं रहेंगे.