अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने शादी कर ली है है. उन्होंने 3 अक्टूबर, 2024 को अफगानिस्तान में निकाह किया. खबरों के मुताबिक, उनकी शादी पख्तून परंपरा के अनुसार हुई है. खास बात यह है कि उनके तीनों भाई भी एक ही समय में शादी के बंधन में बंध गए, यानी चार भाई एक ही जगह पर शादी कर रहे थे. हालांकि, राशिद की पत्नी के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है और उनके साथ कोई तस्वीर भी अभी तक सामने नहीं आयी है.
आपको बता दें, राशिद की शादी धूमधाम से मनाई गई. इस खास मौके पर कई उच्च अधिकारियों और क्रिकेट खिलाड़ियों ने शिरकत की. अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सीईओ नसीब खान, अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक मोहम्मद नबी, मुजीब उर रहमान और नजीबुल्लाह जादरान जैसे कई क्रिकेट सितारे इस समारोह में शामिल हुए. राशिद खान को सोशल मीडिया पर कई खिलाड़ियों ने बधाई दी.
आपको बता दें, साल 2020 में, राशिद खान ने एक फैन के सवाल का जवाब देते हुए कहा था कि वह वर्ल्ड कप जीतने के बाद शादी करने का इंतजार करेंगे. राशिद खान के इंटरनेशनल करियर की बात करें तो उन्होंने 18 अक्टूबर, 2015 को जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना पहला वनडे मैच खेला. उस मैच में उन्होंने 10 ओवर में 20 रन देकर 1 विकेट लिया.
राशिद खान आईपीएल में अफगानिस्तान का प्रतिनिधित्व करते हैं और वह आईपीएल के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक हैं. वह अफगानिस्तान के सबसे कम उम्र के कप्तान भी रहे हैं. अब तक उन्होंने अफगानिस्तान के लिए 5 टेस्ट, 105 वनडे और 93 टी20 मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने क्रमश: 34, 190 और 152 विकेट हासिल किए हैं.
राशिद खान विशेष रूप से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इस पीढ़ी के सबसे बेहतरीन क्रिकेटरों में से एक माने जाते हैं. वह 50 और 100 विकेट लेने वाले सबसे तेज गेंदबाज हैं और ICC T20I रैंकिंग में पहले स्थान पर भी रह चुके हैं. उनकी शादी के बाद, उनके फैंस उनके भविष्य की क्रिकेट यात्रा की प्रतीक्षा कर रहे हैं.