लखनऊ : समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति पर मंगलवार शाम लखनऊ जिला जेल में सजायाफ्ता कैदी ने हमला कर दिया. जानकारी के अनुसार जेल के अस्पताल वार्ड में करीब 6:30 बजे एक कैदी ने उन पर धारदार हथियार से वार कर दिया. हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें तुरंत जिला जेल अस्पताल से KGMU ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया. डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि चोट सतही है, लेकिन खून बहने की वजह से सिर में करीब 18-19 टांके लगाने पड़े. फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया है. गायत्री प्रजापति की पत्नी और अमेठी से सपा विधायक महाराजी प्रजापति अपनी बेटियों के साथ अस्पताल पहुंचीं. उनकी बेटी अंकिता ने रोते हुए कहा कि यह हमला जानलेवा है और साजिश का हिस्सा लगता है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पिता निर्दोष हैं और पिछले आठ सालों से झूठे केस में जेल में बंद हैं. अंकिता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सुरक्षा के साथ ही निष्पक्ष जांच की मांग की. अंकिता ने कहा कि पिता की जान को खतरा है और अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो अनहोनी हो सकती है.
गायत्री प्रजापति की पत्नी महाराजी प्रजापति ने पूरे घटना को गहरी साजिश बताया. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब जेल के अंदर सुई तक ले जाना मुश्किल होता है, तो वहां हमला करने के लिए रॉड कैसे पहुंच गई. उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले की पारदर्शी जांच करनी चाहिए और उनके पति को न्याय दिलाना चाहिए. वहीं, दूसरी बेटी सुधा ने कहा कि उनके पिता किसी आतंकवादी की तरह जेल में बंद नहीं हैं, बल्कि एक राजनीतिक साजिश के शिकार हुए हैं. आठ साल से जेल में रहते हुए भी अब तक आरोप साबित नहीं हो पाए हैं, इसके बावजूद उनके साथ अमानवीय बर्ताव किया जा रहा है.