Tussle between SP and Congress: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के रायबरेली से पीडीए रथयात्रा शुरू करने पर कांग्रेस के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने तीखा जवाब दिया है. उन्होंने कहा, ''चुनाव का समय है. कोई भी कहीं जा सकता है. अखिलेश यादव रायबरेली, अमेठी जा सकते हैं. हम भी कन्नौज, इटावा, सैफई जा सकते हैं.'' अखिलेश यादव ने कांग्रेस के गढ़ और राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली से अपनी रथयात्रा का शुभारंभ किया था.
इस बीच कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और सपा सांसद इकरा हसन के बीच गठबंधन व सीटों को लेकर तीखी बयानबाजी भी हुई थी. अजय राय ने आगे कहा कि सपा अपना काम कर रही है, हम अपना काम कर रहे हैं. हम बैठे नहीं हैं. लगातार उन लोगों के बीच जा रहे हैं जो अत्याचार झेल रहे हैं. उन्होंने बरेली में मौलाना तौकिर के परिवार, लखनऊ में दलित युवक के परिवार और गोरखपुर में श्मशान घाट पर मारे गए वकीलों के परिवार से मुलाकात का जिक्र किया.
उन्होंने कहा कि आज पूरा देश राहुल गांधी की तरफ देख रहा है. चुनावों में धांधली की बात सबसे पहले और मजबूती से राहुल गांधी ने ही उठाई है. सीटों के बंटवारे को लेकर अजय राय ने बताया कि अक्टूबर में फैसला हो जाएगा. दोनों पार्टियों का नेतृत्व इस पर बात करेगा और दोनों मिलकर काम कर रही हैं.