नई दिल्ली: लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में रविवार को जमकर बवाल हो गया. नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा (मोना) और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई. अजय राय के समर्थकों की नारेबाजी से शुरू हुई कहासुनी में जूते-चप्पल चले और धक्का-मुक्की हुई. करीब 10 मिनट तक हंगामा चलता रहा.
बताया जा रहा है कि पदभार ग्रहण के दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के समर्थक नारेबाजी करने लगे. इस पर आराधना मिश्रा के समर्थकों ने नाराजगी जताई, जिससे कहासुनी शुरू हो गई और दोनों पक्ष भिड़ गए. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के साथ भी बदसलूकी की खबरें हैं. मामला बिगड़ता देख वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें मनाने की कोशिश की.
पदभार ग्रहण और प्रेस कॉन्फ्रेंस
हंगामे के बावजूद आराधना मिश्रा ने नवरात्र के पहले दिन औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने उन्हें अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाया. प्रेस कॉन्फ्रेंस में अजय राय शामिल नहीं हुए. इस पर इमरान मसूद ने कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व अध्यक्ष के शामिल होने की परंपरा नहीं रही है. पार्टी कार्यालय में उनसे कार्यभार ले लिया गया है.
इमरान मसूद ने कहा कि पार्टी ने उन पर विश्वास जताया है और वे संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे. उन्होंने इंडिया गठबंधन की एकजुटता पर जोर दिया. कांग्रेस ने यूपी चुनाव 2027 के मद्देनजर प्रदेश टीम में बड़ा बदलाव करते हुए आराधना मिश्रा को यूपी कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया है. इससे पहले यह जिम्मेदारी अजय राय के पास थी, जिन्हें अगस्त 2023 में यह पद मिला था.