लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी राजनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव से पहले विपक्षी INDIA गठबंधन को मजबूत करने और सहयोगी दलों के बीच सीटों के तालमेल को लेकर सपा ने बड़ा कदम उठाया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर INDIA गठबंधन के साथ सीट समझौते के लिए चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। इस कमेटी में पार्टी के अनुभवी नेताओं के साथ सांसदों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
समाजवादी पार्टी की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, कमेटी में राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा चौधरी को शामिल किया गया है। इन नेताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर INDIA गठबंधन के घटक दलों के साथ सीटों के समझौते से जुड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
इस कमेटी के गठन को उत्तर प्रदेश में विपक्षी गठबंधन की चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। लोकसभा चुनाव में INDIA गठबंधन के प्रदर्शन के बाद विधानसभा चुनाव में भी विपक्षी दल एकजुट होकर भाजपा को चुनौती देने की तैयारी में हैं। ऐसे में सीटों का बंटवारा गठबंधन के सामने सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों में से एक रहने वाला है।
कमेटी में रामगोपाल यादव जैसे अनुभवी संगठनात्मक और राजनीतिक चेहरे को शामिल करना बातचीत की गंभीरता को दर्शाता है। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के साथ सांसद राजीव राय और इकरा चौधरी की मौजूदगी से संगठन और संसदीय प्रतिनिधित्व को भी जगह मिली है।
अब सबकी निगाहें इस बात पर रहेंगी कि कमेटी सहयोगी दलों के साथ बातचीत को किस दिशा में आगे बढ़ाती है और सीटों के बंटवारे का फार्मूला क्या निकलता है। फिलहाल, कमेटी के गठन से साफ है कि समाजवादी पार्टी 2027 के चुनाव को लेकर गठबंधन की रणनीति समय रहते तैयार करना चाहती है।