लखनऊ : अंबेडकर नगर में प्रशासनिक नेतृत्व अब पूरी तरह नारी शक्ति के हाथों में आ गया है. जिले की नई जिलाधिकारी के रूप में आईएएस ईशा ने कार्यभार संभाल लिया है. वहीं, पुलिस अधीक्षक के पद पर पहले से तैनात आईपीएस प्राची सिंह कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. दोनों अफसरों की यह जोड़ी जिले में सुशासन और सख्त कानून व्यवस्था का नया अध्याय लिखने का संकेत दे रही है.
ईशा एक तेजतर्रार आईएएस अधिकारी मानी जाती हैं, जिन्होंने अपनी सेवा के दौरान विभिन्न जिलों में प्रशासनिक सुधार, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनसुनवाई को प्राथमिकता दी है. उनकी कार्यशैली में पारदर्शिता और जवाबदेही साफ झलकती है.
एसपी प्राची सिंह अपनी कड़क पुलिसिंग और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के लिए जानी जाती हैं. उन्होंने पहले भी कई जिलों में अपराध नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए हैं. प्राची सिंह की चर्चा खूब रहती है. जिस जनपद में प्राची सिंह रही है, वहां अपराधियों पर ताबड़तोड़ एक्शन हुआ है. यहीं वजह है कि दोनों अधिकारियों के आने के बाद अंबेडकर नगर में क्राइम और प्रशासनिक सिस्टम दोनों में बदलाव देखने को मिलेंगे. दोनों अधिकारी त्वरित न्याय के लिए जानी जाती है.
आईएएस ईशा प्रिया झारखंड के रांची की निवासी है. 2016 बैच की आईएएस अफसर है. पहले ही प्रयास में यूपीएसी की परीक्षा पास करके आईएएस अफसर बनी है. इससे पहले ईशा मैनपुरी की सीडीओ भी रह चुकी है. प्राची सिंह 2017 बैच की आईपीएस अफसर है. उन्होंने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से एलएलबी और भोपाल के नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी से एलएलएम की पढ़ाई की है. इससे पहले सिद्धार्थनगर में रह चुकी है, जहां विधायक से तकरार के बाद सुर्खियों में आई थी. अब अंबेडकरनगर की कमान संभालेगी.