अंबेडकरनगर : उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा गांव में IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां की हत्या कर दी गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वह घर में अकेली रहती थीं. आरोप है कि बीती रात घर में घुसे चोरों ने वारदात को अंजाम दिया.
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उनका गला दबाया. हत्या की घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. हैरानी की बात यह है कि घटना की जानकारी तत्काल नहीं हो सकी. दोपहर बाद जब उनकी देखभाल करने वाली दाई घर पहुंची, तब महिला को मृत हालत में देखा गया और पूरे मामले की जानकारी सामने आई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. स्थानीय पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. अयोध्या रेंज के IG भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने घर और आसपास के इलाके में जांच शुरू कर दी है.
फिलहाल हत्या के पीछे चोरी की वजह बताई जा रही है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. घर से क्या-क्या सामान गायब हुआ है और हत्या में कितने लोग शामिल थे, इसकी भी पड़ताल की जा रही है.
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की तलाश में जुटी है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. IPS अधिकारी की मां की हत्या से गांव में दहशत का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही वारदात का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है.