सिलीगुड़ी: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं. उनके तीन दिवसीय दौरे का मुख्य फोकस सीमा सुरक्षा, सशस्त्र सीमा बल (SSB) की परियोजनाएं और देश के तीन नए आपराधिक कानूनों के बारे में जागरूकता बढ़ाने पर है.
शाह गुरुवार शाम बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचे थे. शुक्रवार सुबह वे SSB फ्रंटियर मुख्यालय जाएंगे, जहां सीमा सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. इसके अलावा SSB जवानों के साथ पारंपरिक ‘बारा खाना’ में भी शामिल होंगे.
नए कानूनों पर प्रदर्शनी और जनसभा
दोपहर में शाह कावाखली ग्राउंड पर तीन नए आपराधिक कानूनों- भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम पर आधारित प्रदर्शनी का दौरा करेंगे. “फाइव पिलर्स: ट्रांसफॉर्म्ड जस्टिस सिस्टम” नाम की यह प्रदर्शनी 26 अगस्त तक चलेगी, जिसका उद्देश्य आम लोगों को नए न्याय व्यवस्था से परिचित कराना है. प्रदर्शनी के बाद वे एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे. पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी भी उनके साथ रह सकते हैं.
सीमा सुरक्षा और दार्जिलिंग वार्ता
शनिवार को अमित शाह उच्च स्तरीय सीमा सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे. इसमें BSF, SSB, खुफिया एजेंसियां और राज्य प्रशासन के बीच समन्वय पर चर्चा होगी. सिलीगुड़ी को “चिकन नेक” कहा जाता है, जो नेपाल, भूटान और बांग्लादेश की सीमाओं के करीब है और पूर्वोत्तर राज्यों को बाकी देश से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण गलियारा है.
दौरे के दौरान शाह दार्जिलिंग पहाड़ियों के जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे. गोरखा और अन्य समुदायों के लंबे समय से चले आ रहे मुद्दों के “स्थायी राजनीतिक समाधान” पर चर्चा होगी. गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष बिमल गुरुंग और महासचिव रोशन गिरी इस बैठक में शामिल होने वाले हैं. यह दौरा सीमा सुरक्षा को और मजबूत बनाने तथा क्षेत्र में राजनीतिक स्थिरता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.