नई दिल्ली: बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने नेशनल स्पेस डे पर स्कूली बच्चों से बातचीत के दौरान पूछा, ''अंतरिक्ष में सबसे पहले कौन गया?'' जब बच्चों ने जवाब दिया ''नील आर्मस्ट्रांग,'' तो ठाकुर ने कहा, ''मुझे लगता है कि हनुमान जी पहले अंतरिक्ष में गए थे.'' इस बयान पर विपक्ष ने तीखी आलोचना की है. डीएमके ने उन पर ''तथ्य और कथा को भ्रमित करने'' का आरोप लगाया.
हिमाचल प्रदेश के ऊना में श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में बच्चों से बात करते हुए ठाकुर ने कहा कि ज्ञान की परंपरा को अंग्रेजों द्वारा दिए गए पाठ्यपुस्तकों'' तक सीमित नहीं करना चाहिए. उन्होंने शिक्षकों से ''हमारे वेदों, हमारी किताबों और हमारे ज्ञान'' की ओर ध्यान देने को कहा, ताकि बच्चे और अधिक सीख सकें.
डीएमके की प्रतिक्रिया: ''विज्ञान, पौराणिक कथा नहीं है''
डीएमके सांसद कनिमोझी ने इस बयान की निंदा की. उन्होंने X पर लिखा, ''एक सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री का स्कूली बच्चों से यह कहना कि चांद पर पहला कदम नील आर्मस्ट्रांग ने नहीं, हनुमान ने रखा, बहुत चिंताजनक है. विज्ञान, पौराणिक कथा नहीं है. बच्चों को गलत जानकारी देना ज्ञान, तर्क और संविधान में निहित वैज्ञानिक सोच का अपमान है. भारत का भविष्य जिज्ञासा को बढ़ाने में है, न कि तथ्य और कथा को मिलाने में.''
ठाकुर ने की भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों की तारीफ
उसी कार्यक्रम में ठाकुर ने भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों की सराहना की. उन्होंने 2023 में चंद्रयान-3 की सफलता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैज्ञानिकों को समर्थन देने की बात कही. उन्होंने बताया कि भारत 2035 तक अपना स्पेस स्टेशन और 2040 तक चांद पर मानव मिशन भेजने की योजना बना रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने पोलर सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल विकसित किया, 104 सैटेलाइट एक साथ लॉन्च किए और रीयूजेबल लॉन्च व्हीकल का सफल परीक्षण किया. पहले भारत को अपने सैटेलाइट लॉन्च करने के लिए विदेशों की मदद लेनी पड़ती थी, लेकिन अब विदेशी देश भारत से मदद मांगते हैं.
यह दूसरा नेशनल स्पेस डे था, जो चंद्रयान-3 मिशन की याद में मनाया गया. इस साल का थीम था, ''आर्यभट्ट से गगनयान: प्राचीन ज्ञान से अनंत संभावनाएं.'' सोवियत अंतरिक्ष यात्री यूरी गगारिन 1961 में अंतरिक्ष में जाने वाले पहले इंसान थे, जबकि अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री नील आर्मस्ट्रांग 1969 में चांद पर कदम रखने वाले पहले व्यक्ति थे.
यह भी पढ़ें: नोएडा दहेज हत्या मामले में एक और बड़ी गिरफ्तारी, पुलिस हिरासत में बेखौफ खड़ा रहा आरोपी, देखें...
यह भी पढ़ें: 'जॉर्ज सोरोस और खालिस्तानी ताकतों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं राहुल', केंद्रीय मंत्री रिजिजू के गंभीर आरोप
यह भी पढ़ें: 'कच्चा बादाम' फेम अंजलि अरोड़ा ने बैंकॉक में लगाया बोल्डनेस का तड़का, कुछ और ही समझ बैठे लोग!