कोलकाता : पश्चिम बंगाल में आसनसोल हिंसा मामले कोको लेकर सियासत और प्रशासन दोनों का रुख अब बेहद सख्त दिखाई दे रहा है. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने डायमंड हार्बर में बड़ा बयान देते हुए कहा कि आसनसोल में हुई हिंसा और तोड़फोड़ की घटना में अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. उन्होंने साफ कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि तोड़-फोड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस हिरासत, रिमांड और गहन पूछताछ की जाएगी. हिंसा फैलाने वाले चाहे कोई भी हों, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय है. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार और प्रशासन सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आर्थिक कार्रवाई भी करेगा.
सुवेंदु ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई सीधे आरोपियों के निजी फंड से कराई जाए. उनका कहना था कि सरकारी संपत्ति जनता के टैक्स के पैसे से बनती है और उसे नुकसान पहुंचाना सीधे जनता के हितों पर हमला है.
गौरतलब है कि आसनसोल में हाल ही में धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर के इस्तेमाल को लेकर विवाद बढ़ गया था. पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए थे.
इसके बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और कई लोगों को हिरासत में लिया गया. सुवेंदु अधिकारी के बयान को राज्य में बढ़ती हिंसा और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पश्चिम बंगाल में हिंसा और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की राजनीति अब नहीं चलने दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.