जयपुर में CJP टीम पर हमला? स्कूल निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से भिड़ंत, आशुतोष रांका बोले- ‘ये गांव वाले नहीं, भाजपा के गुंडे हैं’

Amanat Ansari 21 Aug 2026 12:10 PM 1 Mins
जयपुर में CJP टीम पर हमला? स्कूल निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से भिड़ंत, आशुतोष रांका बोले- ‘ये गांव वाले नहीं, भाजपा के गुंडे हैं’

जयपुर: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं द्वारा सरकारी स्कूल के निरीक्षण के दौरान शुक्रवार सुबह जयपुर के रामपुरा-कंवरपुरा गांव में भारी हंगामा हो गया. स्थानीय लोगों ने CJP टीम का विरोध किया और उन्हें गांव से बाहर निकाल दिया. पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि विरोध करने वाले स्थानीय ग्रामीण नहीं, बल्कि भाजपा द्वारा भेजे गए “गुंडे” हैं.

CJP कार्यकर्ता ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत रामपुरा-कंवरपुरा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का जायजा लेने पहुंचे थे. आशुतोष रांका भी वहां आने वाले थे. लेकिन गांव पहुंचते ही सड़क पर विरोध शुरू हो गया. स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दी, नारेबाजी की और टीम को धक्का-मुक्की कर गांव से बाहर निकाल दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने स्कूल के बाहर धरना भी दिया.

दोनों पक्षों के आरोप

आशुतोष रांका ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “ये वहां के गांव वाले नहीं हैं, बल्कि भाजपा द्वारा बुलाए गए गुंडे हैं.” उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल कई सालों से भैंसों के तबेले जैसी जगह पर चल रहा है और बच्चों को वहीं पढ़ाया जा रहा है.

CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने भी भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला करने और राजस्थान पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए. वहीं, एक स्थानीय महिला ने कहा कि वे स्कूल तोड़ने की कोशिश का विरोध कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि स्कूल में 20-25

बच्चे पढ़ते हैं और मरम्मत के लिए पहले ही फंड मंजूर हो चुका है. कुछ ग्रामीणों का कहना है कि वे मुद्दे को राजनीतिक नहीं बनाना चाहते और खुद स्कूल की मरम्मत कर लेंगे. यह घटना राजस्थान सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के कुछ दिनों बाद हुई है.

CJP ने कई जिलों में स्कूलों की खराब स्थिति का निरीक्षण करने की घोषणा की थी, जिसके बाद शिक्षा विभाग ने बच्चों की सुरक्षा और प्राइवेसी का हवाला देते हुए बिना अनुमति प्रवेश और फोटो-वीडियोग्राफी पर रोक लगा दी थी. विपक्ष ने इस आदेश का विरोध किया है. CJP का अभियान जारी रखने का दावा है, जबकि स्थानीय लोग स्कूल की मरम्मत खुद करने की बात कर रहे हैं. घटना की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है. 

Jaipur government school Cockroach Janta Party Ashutosh Ranka Rajasthan school restrictions

Recent News