तेलअवीव: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को हवा में दो पायलटों के बीच कथित झगड़े के कारण इमरजेंसी सिग्नल भेजे गए. विमान ने सामान्य इमरजेंसी कोड 7700 और फिर हाईजैकिंग का संकेत देने वाला कोड 7500 ट्रांसमिट किया. करीब 180 यात्री सवार विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराना पड़ा.
इजरायली मीडिया के अनुसार, यह बाहरी हाईजैकिंग नहीं बल्कि कॉकपिट में पायलटों के बीच हिंसक झड़प के कारण हुआ. कुछ रिपोर्ट्स में एक पायलट द्वारा सुसाइड की कोशिश या चाकूबाजी का दावा भी किया गया, लेकिन इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सुरक्षा बैठक की और वायुसेना के जेट्स अलर्ट पर भेजे गए.
इजरायली वित्त मंत्री बेज़लेल स्मोट्रिच ने कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे हत्यारे की तरह सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा, “जिस किसी ने 180 इजराइलियों की हत्या करने की कोशिश की, उसे हत्यारे की तरह सजा मिलेगी.” ट्रांसपोर्ट मंत्री मिरी रेगेव ने फ्लाईदुबई की तेल अवीव फ्लाइट्स रोकने और UAE एविएशन एग्रीमेंट की जांच की मांग की है. फ्लाईदुबई ने पुष्टि की कि विमान सुरक्षित लैंड हो गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं. घटना की जांच जारी है.