तेल अवीव: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को कॉकपिट में चाकूबाजी की दिल दहला देने वाली घटना हुई. इजरायली मीडिया (Ynet News और Channel 12) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, विमान के कैप्टन भारतीय नागरिक (या भारतीय मूल के) थे. उन्होंने ओमानी को-पायलट के घातक हमले का मुकाबला किया और विमान को क्रैश होने से बचा लिया.
क्या हुआ था?
विमान दुबई से तेल अवीव की ओर जा रहा था. करीब दो घंटे की उड़ान के बाद कॉकपिट में को-पायलट (ओमानी नागरिक) ने कैप्टन पर चाकू से हमला कर दिया. इजरायली अधिकारियों के अनुसार, को-पायलट ने विमान को हाईजैक कर क्रैश कराने की कोशिश की थी, जिसे 9/11 जैसी घटना से जोड़ा जा रहा है.
घायल होने के बावजूद भारतीय कैप्टन ने हमलावर का मुकाबला किया. विमान तेजी से नीचे गिरने लगा (करीब 17,000 फीट की ऊंचाई कम हुई). विमान ने इमरजेंसी कोड 7700 और हाईजैकिंग का संकेत देने वाला कोड 7500 ट्रांसमिट किया, जिससे इजरायल में हड़कंप मच गया.
यात्रियों ने दिखाई हिम्मत
कॉकपिट से चीखें और खून की खबर फैलते ही यात्रियों में शामिल कुछ इजरायली यात्रियों और क्रू सदस्यों ने कॉकपिट में धावा बोल दिया. उन्होंने आरोपी को-पायलट को काबू में कर लिया. यात्रियों में मौजूद ड्यूटी पर न होने वाले दो पायलटों ने विमान का नियंत्रण संभाला और सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई. विमान में करीब 180 यात्री सवार थे, जिनमें 27 बच्चे भी शामिल थे. ज्यादातर यात्री इजरायली थे. सभी यात्री सुरक्षित हैं.
इजरायल की प्रतिक्रिया
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सुरक्षा बैठक की. वायुसेना के फाइटर जेट्स अलर्ट पर भेजे गए. वित्त मंत्री बेज़लेल स्मोट्रिच ने कहा कि दोषियों को हत्यारे की तरह सजा मिलनी चाहिए. जांच में यह भी देखा जा रहा है कि ओमानी को-पायलट को इजरायल की उड़ान की अनुमति कैसे मिली. फ्लाईदुबई ने पुष्टि की है कि विमान सुरक्षित लैंड हो गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं. घटना की गहन जांच जारी है.