बलिया में मिला संदिग्ध मोर्टार, पाकिस्तान कनेक्शन का शक, मचा हड़कंप

Global Bharat 21 Apr 2026 11:19: PM 1 Mins
बलिया में मिला संदिग्ध मोर्टार, पाकिस्तान कनेक्शन का शक, मचा हड़कंप

बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया के मनियर थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव में मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक पुराने तालाब की खुदाई के दौरान संदिग्ध मोर्टार मिलने की खबर सामने आई. यह तालाब ईंट भट्ठे के लिए तैयार किया जा रहा था, तभी पानी निकलने के बाद कुछ बच्चे मछली पकड़ने के लिए उसमें उतर गए. इसी दौरान उन्हें मिट्टी में दबा एक भारी धातु का गोला मिला. 

बताया जा रहा है कि बच्चे इसे कबाड़ समझकर बेचने की योजना बना रहे थे और ग्राइंडर से काटने की कोशिश भी करने लगे. तभी पास मौजूद युवकों ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए बच्चों को रोका और तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी.  मोर्टार पर लिखे ‘ODR 11.06’, ‘204A’ और ‘51 MM’ जैसे निशान इसे सैन्य उपयोग का बता रहे हैं. वहीं, उस पर बने चांद-सितारे के चिन्ह ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है, जिससे इसके विदेशी कनेक्शन की आशंका जताई जा रही है.  हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है. 

सूचना मिलते ही मनियर थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. उन्होंने उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत करा दिया है. फिलहाल मोर्टार को सुरक्षित स्थान पर रख दिया गया है और फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है. ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. सवाल यह उठ रहा है कि आखिर यह खतरनाक विस्फोटक तालाब तक कैसे पहुंचा. जांच के बाद ही पूरे मामले से पर्दा उठ पाएगा.

Ballia mortar discovery Suspicious explosive India Pakistan link mortar Gangapur village incident UP police investigation

Description of the author

Recent News