बस्ती : उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक बेहद फिल्मी अंदाज का मामला सामने आया है. शादी के दिन ही मंडप सजा रह गया और दुल्हन आशिक के फरार हो गई. दरअसल, एक दरोगा की तय शादी बारात निकलने से ठीक पहले टूट गई और उसी मंडप में युवती ने अपने प्रेमी के साथ सात फेरे ले लिए. दुबौलिया थाना क्षेत्र के रहने वाले एक सब-इंस्पेक्टर की शादी 20 अप्रैल को बस्ती शहर की एक युवती से तय थी.
दोनों परिवारों ने धूमधाम से तैयारियां पूरी कर ली थीं. घरों में मेहमान आ चुके थे और बारात निकलने से पहले की रस्में भी शुरू हो गई थीं. उधर, लड़की पक्ष में भी शादी का माहौल पूरी तरह तैयार था, मैरिज हॉल सज चुका था. इसी बीच, बारात निकलने से कुछ घंटे पहले एक युवक अचानक दूल्हे के घर पहुंच गया. उसने खुद को युवती का प्रेमी बताते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया.
युवक ने दावा किया कि उसका पिछले पांच साल से लड़की के साथ प्रेम संबंध है. उसने दूल्हे के परिवार को यह भी चेतावनी दी कि अगर शादी आगे बढ़ी तो वह सबके सामने सच उजागर कर देगा. इस खुलासे के बाद दूल्हे के परिवार में हड़कंप मच गया. दूल्हे के पिता ने तुरंत लड़की के घरवालों से संपर्क किया और जानकारी दी. हालात को देखते हुए उन्होंने शादी से पीछे हटने का फैसला लिया और बारात न ले जाने का फैसला किया.
रिश्ता टूटने की खबर मिलते ही लड़की पक्ष में भी अफरा-तफरी मच गई. शादी की सारी तैयारियां हो चुकी थीं और मेहमान भी मौजूद थे. इसी दौरान वही युवक लड़की के घर पहुंचा और उसके परिजनों से बात कर उन्हें शादी के लिए मना लिया.आखिरकार, रात में वह दूल्हा बनकर बारात लेकर पहुंचा और उसी मंडप में युवती के साथ विवाह संपन्न हुआ.
दूल्हे के पिता का कहना है कि सही समय पर सच्चाई सामने आ गई, जिससे उनके बेटे की जिंदगी प्रभावित होने से बच गई. उन्होंने बताया कि घटना के समय पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन उन्होंने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करवाई और आपसी सहमति से मामला समाप्त कर दिया. यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां एक ही दिन में शादी टूटने और फिर उसी मंडप में नई शादी होने की कहानी लोगों को हैरान कर रही है.