काठमांडू: नेपाल में भीषण बाढ़ की तबाही के बीच इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. रसुवा जिले के भोटेकोशी क्षेत्र से बाढ़ के तेज बहाव में बैंक की एक भारी तिजोरी बह गई थी. यह लॉकर धादिंग जिले के गल्छी गांवपालिका-4 स्थित बेलखूखोला के पास त्रिशूली नदी के किनारे जा लगा. स्थानीय लोगों ने इसे तोड़कर अंदर रखे पैसे निकाल लिए.
धादिंग पुलिस को सूचना मिली कि लोग नदी किनारे पड़े लॉकर को तोड़कर नकदी निकाल रहे हैं. सूचना मिलते ही नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल की संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी की और 29 लोगों को हिरासत में ले लिया. इनके पास से 92,68,505 नेपाली रुपए की नकदी बरामद की गई.
अधिकांश आरोपी स्थानीय
धादिंग पुलिस के अनुसार, पकड़े गए अधिकांश आरोपी गल्छी-4 के मास्टर गांव के निवासी हैं. कुछ गल्छी-6 के आदमघाट और सिद्धलेक-7 के आदमटार के रहने वाले हैं. चितवन और पर्सा मूल के कुछ लोग भी शामिल हैं, जो वर्तमान में धादिंग में रह रहे थे. पुलिस जांच कर रही है कि बरामद नकदी किस बैंक की है और क्या घटना में अन्य लोग भी शामिल थे.
शव से सोने की बालियां चुराने का मामला
बाढ़ के दौरान इंसानियत शर्मसार करने वाली एक और घटना नारायणी नदी के पास हुई. बाढ़ में बहकर आए एक शव से दो व्यक्तियों ने सोने की बालियां निकाल लीं. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया.
बाढ़ का ताजा आंकड़ा
नेपाल के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) के अनुसार, इस भीषण आपदा में अब तक 626 लोगों के शव बरामद हो चुके हैं. लापता लोगों की संख्या बढ़कर 2,426 हो गई है, जिसमें 517 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं. प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य बड़े पैमाने पर जारी हैं.