पटना: बिहार के जहानाबाद जिले में एक Shocking और क्रूर हत्याकांड सामने आया है. इमादपुर गांव में 25 वर्षीय महिला अंशु देवी की उसके देवर ने कुल्हाड़ी से सिर कलम कर हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी ने कटे सिर को घर के पास बरगद के पेड़ पर लटका दिया. मामला पारसा बिघा थाना क्षेत्र का है. मृतका अंशु देवी धर्मेंद्र कुमार की पत्नी थी.
मंगलवार को जब वह घर पर अकेली थी और अन्य परिवार के सदस्य खेतों में धान रोपाई के लिए गए हुए थे, तभी उसका देवर कुनाल कुमार काम से लौटा और खाना मांगा. खाने में देर होने पर दोनों में विवाद हो गया. गुस्से में कुनाल ने कुल्हाड़ी से हमला कर अंशु का सिर धड़ से अलग कर दिया.
ग्रामीणों ने जब गांव के बाहर बरगद के पेड़ पर लटका सिर देखा तो सनसनी फैल गई. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पारसा बिघा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और आरोपी कुनाल कुमार को गांव से गिरफ्तार कर लिया. घटना में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया गया है.
पारसा बिघा SHO सर्व नारायण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में खाना परोसने में देरी को लेकर विवाद के बाद हमला करने की बात सामने आ रही है. हालांकि, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. आरोपी कुनाल कुमार से पूछताछ जारी है. यह घटना पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर गई है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है और आगे की जांच में जुटी हुई है.