बंगाल : कोलकाता के न्यूटाउन इलाके में भाजपा कार्यकर्ता मधु मंडल की मौत के बाद तनाव का माहौल बन गया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मधु मंडल को न्यूटाउन के बालिगुड़ी इलाके में एक रेस्टोरेंट के पीछे गंभीर हालत में पाया गया. स्थानीय लोग उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक सड़क पर उतर आए.
जानकारी के अनुसार, भाजपा और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि मधु मंडल पर कथित तौर पर हमला किया गया था. बालिगुड़ी भांगर मोड़ इलाके में उन पर हमला हुआ, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी. हालांकि, पुलिस की ओर से अब तक हत्या के कारणों या आरोपियों को लेकर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. मामले की जांच जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही टेक्नो सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हालात जल्द ही तनावपूर्ण हो गए. पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बनी. हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा. इसके बाद इलाके में केंद्रीय बलों की भी तैनाती की गई है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे.
यह घटना पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद सामने आई राजनीतिक हिंसा की घटनाओं में जुड़ गई है. चुनाव नतीजों के बाद राज्य में अलग-अलग जगहों पर हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें कई लोगों की मौत की खबर है. मधु मंडल की मौत ने न्यूटाउन और आसपास के इलाकों में राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात हैं.