उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक ऐसा सत्संग हुआ, जिसके कारण कई परिवार बिखर गए. ये सबकुछ हुआ, सूरजपाल उर्फ नारायण साकार हरि उर्फ भोले बाबा के सत्संग के बाद. उनके सत्संग में भीड़ बेकाबू हो गई और श्रद्धालु रपटकर वहीं गिरने लगे. भीड़ का सैलाब इतना जबर्दस्त था कि कई लोगों की जान चली गई.
इस बीच ‘भोले बाबा’ ने एएनआई से बात करते हुए कहा कि 2 जुलाई की घटना के बाद मैं बहुत दुखी हूं. भगवान हमें यह दर्द सहने की शक्ति दे. मुझे विश्वास है कि अराजकता पैदा करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
बता दें कि हाथरस (Hathras Stampede) में सत्संग के दौरान हुए हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया. हादसे ने 121 लोगों को काल के गाल में धकेल दिया और 28 लोग अभी भी जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं.
शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी हाथरस हादसे के पीड़ितों के घर अलीगढ़ (Aligarh) पहुंचे खे. इस दौरान उनके आसपास काफी भीड़ दिखी. राहुल गांधी एक-एक कर वहां आसपास मौजूद पीड़ितों के घर पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात की थी. शोक संतप्त परिवारों से मिलने के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि दुख की बात है.
राहुल गांधी ने कहा था बहुत परिवारों को नुकसान हुआ है. काफी लोगों की मृत्यु हुई है. प्रशासन की कमी तो है और गलतियां हुई हैं. मुआवज़ा सही मिलना चाहिए. मैं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से विनती करता हूं कि दिल खोलकर मुआवजा दें.