6 साल की मासूम से दुष्कर्म के बाद भड़का आक्रोश, भोपाल-मंडीदीप हाईवे ठप, पुलिस का लाठीचार्ज, आरोपी सलमान फरार

Amanat Ansari 24 Nov 2025 05:30: PM 1 Mins
6 साल की मासूम से दुष्कर्म के बाद भड़का आक्रोश, भोपाल-मंडीदीप हाईवे ठप, पुलिस का लाठीचार्ज, आरोपी सलमान फरार

नई दिल्ली: गौहरगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को 6 वर्षीय बच्ची के साथ हैवानियत करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी न होने से जनता का गुस्सा सोमवार को सड़कों पर फूट पड़ा. सकल हिंदू समाज और स्थानीय लोगों ने सुबह 11 बजे से भोपाल-मंडीदीप-ओबेदुल्लागंज हाईवे को दोनों तरफ पूरी तरह जाम कर दिया. घंटों तक जाम रहने से वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं. भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

तीन दिन बाद भी फरार है आरोपी

पुलिस ने दस से ज्यादा टीमें गठित कर छापेमारी की है, लेकिन 23 वर्षीय सलमान उर्फ नजर (पिता शहाबुद्दीन) अभी भी फरार है. घटना 21 नवंबर शुक्रवार शाम की है. आरोपी ने पहले मासूम को चॉकलेट का लालच देकर पास के जंगल में ले गया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया. जब परिजन बच्ची को खोजते हुए पहुंचे तो वह खून से लथपथ मिली.

स्थानीय अस्पताल में दो घंटे तक इलाज न मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अपनी गाड़ी से बच्ची को भोपाल के एम्स पहुंचाया, जहां उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है.

रविवार को भी रहा था तगड़ा विरोध

घटना के अगले दिन रविवार को औबेदुल्लागंज, सुल्तानपुर और बिनेका में दुकानें पूरे दिन बंद रहीं. लोगों ने बायपास पर चक्काजाम किया था, जिससे भोपाल-जबलपुर और बैतूल-नागपुर हाईवे पर भी घंटों जाम रहा था. आज फिर सुबह से ही लोग सड़क पर उतर आए. उनका एक ही नारा था – “जब तक दरिंदा गिरफ्तार नहीं होगा, सड़क खाली नहीं होगी.” पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा. फिलहाल तनाव बना हुआ है और हाईवे पर अभी भी आवागमन धीमा है.

Bhopal News Madhya Pradesh News Raisen News Raisen Protest

Recent News