बिहार के किसानों के लिए वरदान बना कृषि रोड मैप और टिश्यू कल्चर, तीन गुना बढ़ा केले का उत्पादन, आधुनिक तकनीक से कृषि क्षेत्र में हो रहा क्रांतिकारी विकास

Rahul Jadaun 23 Jun 2025 04:10: PM 1 Mins
बिहार के किसानों के लिए वरदान बना कृषि रोड मैप और टिश्यू कल्चर, तीन गुना बढ़ा केले का उत्पादन, आधुनिक तकनीक से कृषि क्षेत्र में हो रहा क्रांतिकारी विकास
  • 2004-05 में केला का कुल उत्पादन 5.45 लाख मीट्रिक टन था।
  • 2022-23 में केला का उत्पादन बढ़कर 19.68 लाख मीट्रिक टन हो गया।
  • 2004-05 में केला की खेती 27,200 हेक्टेयर में होती थी जो 2022-23 में बढ़कर 42,900 हेक्टेयर हो गई। 

पटना: बिहार आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर कृषि के क्षेत्र में तेजी से क्रांतिकारी विकास कर रहा है। इसकी मिसाल राज्य में केला के उत्पादन में हुई उल्लेखनीय वृद्धि है। बिहार सरकार के प्रयासों से पिछले दो दशकों में केला के उत्पादन में तीन गुना से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2004-05 में केला का कुल उत्पादन 5.45 लाख मीट्रिक टन था, जो 2022-23 में बढ़कर 19.68 लाख मीट्रिक टन हो गया है।

इस उपलब्धि का श्रेय राज्य सरकार के कृषि रोड मैप और टिश्यू कल्चर तकनीक को जाता है। टिश्यू कल्चर से तैयार किए गए जी-9, मालभोग और चीनिया प्रभेदों के रोगमुक्त और उच्च उपज देने वाले पौधों ने उत्पादकता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। इसके कारण किसानों की आय में अच्छी वृद्धि हुई है।

वर्ष 2004-05 में केला की खेती 27,200 हेक्टेयर में होती थी, जो 2022-23 में बढ़कर 42,900 हेक्टेयर हो गई। वहीं प्रति हेक्टेयर उत्पादकता 20 मीट्रिक टन से बढ़कर 45 मीट्रिक टन हो गई। इसी प्रकार देखें तो 2004-05 के पूर्व की तुलना में वर्ष 2022-23 में केला के रकबा में 58 प्रतिशत, उत्पादन में 261 प्रतिशत और उत्पादकता में 125 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

टिश्यू कल्चर से खेती पर मिलता है अनुदान?

बिहार सरकार की फल विकास योजना के तहत फलों की उत्पादकता और गुणवत्ता बढ़ाने के लिए किसानों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत टिश्यू कल्चर केला की खेती के लिए 1.25 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर की इकाई लागत पर 50% अनुदान (62,500 रुपये प्रति हेक्टेयर) दिया जाता है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में इस योजना से 3,624 किसान लाभान्वित हुए हैं। यह उपलब्धि न केवल बिहार के कृषि क्षेत्र में तकनीकी प्रगति को दर्शाती है, बल्कि किसानों की आय और राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही है।

 क्या है टिश्यू कल्चर खेती?

टिश्यू कल्चर खेती एक आधुनिक वैज्ञानिक तकनीक है, जिसमें पौधों के छोटे टिश्यू (ऊतक) या कोशिकाओं को प्रयोगशाला में विशेष पोषक माध्यम पर उगाकर नए पौधे तैयार किए जाते हैं। इस विधि से उपजाए पौधे पारंपरिक बीज या कलम से उगाए पौधे की तुलना में अधिक रोगमुक्त होते हैं।

Bihar Agriculture Road Map Tissue Culture Farming Banana Production in Bihar Modern Agricultural Technology

Recent News