बिहार में भीषण गर्मी जारी, नहीं थम रहा मरने वालों का आंकड़ा, अबतक 67 से ज्यादा लोगों की हुई मौत

Global Bharat 01 Jun 2024 08:28: PM 2 Mins
बिहार में भीषण गर्मी जारी, नहीं थम रहा मरने वालों का आंकड़ा, अबतक 67 से ज्यादा लोगों की हुई मौत

बिहार के कुछ इलाकों में बारिश होने के बावजूद गर्मी कम पड़ने का नाम नहीं ले रही है. खासकर दक्षिणी बिहार में लोग परेशान हो रहे हैं और हीटवेव के कारण लोगों की जान भी जा रही है. मीडिया रिपोर्ट से जानकारी मिली है कि 24 घंटे में ही 67 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई. वहीं अबतक बिहार में 112 लोगों की जान गर्मी से चली गई है.

कमोवेश बिहार के हर जिले के सरकारी अस्पताल में गर्मी और लू की वजह से सैकड़ों लोगों का इलाज चल रहा है. सबसे ज्यादा भयावह स्थिति औरंगाबाद की है, यहां अब तक 31 लोगों ने जान गंवाई है, जबकि 300 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती हैं. सरकारी आंकड़ों की मानें तो बिहार में पिछले 24 घंटे में लू लगने से 10 मतदान कर्मियों सहित 14 लोगों की मौत हुई है.

आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि अधिकतर मौतें भोजपुर में हुईं, जहां चुनाव ड्यूटी पर तैनात 5 अधिकारियों की लू से मौत हो गई. विभाग की मानें तो रोहतास में 3 चुनाव अधिकारियों की मौत हुई, जबकि कैमूर और औरंगाबाद जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई. बयान में कहा गया है कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 4 अन्य लोगों की मौत हुई है.

मृतकों के परिजनों को नियमानुसार अनुग्रह अनुदान की राशि का भुगतान की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. इस बीच बिहार में गर्मी से हालात बिगड़े तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी जिले के डीएम (जिलाधिकारी) को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किया हैं. मुख्यमंत्री ने बयान में कहा कि जिलों के संवेदनशील स्थानों पर पीने के पानी के टैंकर उपलब्ध करवाया जाए.

गर्मी और लू से बचने के लिए लोगों को उचित सावधानी बरतने की सलाह दी जाए, जिसमें माइकिंग से लोगों को सलाह दी जाय. सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रो सहित अनुमंडल और सदर अस्पतालों में जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं पूरी मुहैया हो. साथ ही बिजली आपूर्ति भी सुनिश्चित की जाए.

बताते चलें कि औरंगाबाद में चार दिनों के भीतर 31 लोगों की मौत की सूचना है. वहीं 12 की हीट स्ट्रोक के कारण मौत की आधिकारिक पुष्टि की गई है. बुधवार से शुक्रवार तक जिले में 19 मौतें हुई थीं. शनिवार को 12 और लोगों की मौत की सूचना है. ऐसे में मौत का आंकड़ा बढ़कर 30 पहुंच गया है.

आरा में भी गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है. यहां अब तक 10 लोगों की मौत की खबर है. वहीं डीएम ने 3 की मौत की पुष्टि की है. 6 मतदान कर्मी की लू लगने से यहां मौत हुई है.

Recent News