लखनऊ : उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में बकरीद के अवसर पर ईदगाह के बाहर सड़क पर नमाज अदा किए जाने का मामला सामने आया है. घटना की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और 40 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया. पुलिस के मुताबिक मामला चांदपुर थाना क्षेत्र का है. अधिकारियों ने बताया कि ईदगाह में नमाज की व्यवस्था की गई थी, लेकिन कुछ लोग नमाज शुरू होने के बाद पहुंचे, इसके बाद उन्होंने ईदगाह के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने सड़क के किनारे नमाज अदा की. इस दौरान सड़क का एक हिस्सा प्रभावित हुआ, जिसकी तस्वीर बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगी.
वायरल फोटो के संज्ञान में आने के बाद पुलिस और प्रशासन ने पूरे मामले की जांच की. जांच के आधार पर सार्वजनिक मार्ग पर नमाज अदा करने को लेकर संबंधित 40 लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.
पुलिस द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि घटना के संबंध में कानूनी कार्रवाई की जा रही है. बयान में यह भी स्पष्ट किया गया कि कार्रवाई की मंशा को लेकर सोशल मीडिया पर व्यक्त की जा रही टिप्पणियां संबंधित व्यक्तियों के निजी विचार हैं. पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और सार्वजनिक मार्गों को बाधित होने से बचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है.
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान निर्धारित स्थानों का उपयोग करें और नियमों का पालन करते हुए शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें.