नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में बायपास क्षेत्र की एक विवादित जमीन को लेकर भाजपा विधायक प्रदीप पटेल के धरने के बाद उपजी हिंसा के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है. विधायक की शिकायत पर करीब 100-150 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और जांच शुरू कर दी गई है.
घटना कुछ दिन पहले की है, जब विधायक के धरने के बाद रात में हंगामा हो गया. उग्र भीड़ ने विधायक के साथ धक्का-मुक्की की, गाली-गलौज किया और जान से मारने की धमकी दी. भीड़ ने डीजल लाने और विधायक पर डालकर जलाने की बात कही, जिससे स्थिति गंभीर हो गई. पुलिस ने किसी तरह विधायक को सुरक्षित निकालकर थाने पहुंचाया.
विधायक ने मऊगंज थाने में लिखित शिकायत दी, जिसमें हिंसक व्यवहार और जानलेवा हमले की आशंका जताई गई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने घटना के वीडियो फुटेज जब्त कर लिए हैं, जिनकी मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है. साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि क्या बाहरी लोग इस बवाल में शामिल थे.
मऊगंज की एसडीओपी सची पाठक ने बताया कि बायपास किनारे की जमीन के विवाद में उग्र भीड़ ने विधायक का रास्ता रोका और अभद्रता की. शिकायत पर केस दर्ज कर पूरी घटना की जांच चल रही है तथा वीडियो के आधार पर कार्रवाई होगी.