CJP-कांग्रेस की घेराबंदी के बीच गुजरात में BJP की बंपर जीत! AAP रही खाली हाथ

Amanat Ansari 13 Oct 2026 04:27 PM 1 Mins
CJP-कांग्रेस की घेराबंदी के बीच गुजरात में BJP की बंपर जीत! AAP रही खाली हाथ

अहमदाबाद: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और कांग्रेस की अगुआई में विपक्षी दलों की घेराबंदी के बीच भाजपा को गुजरात से बड़ी खुशखबरी मिली है. पार्टी ने राज्य के तीन शहरी निकाय चुनावों में शानदार जीत हासिल की है. कांग्रेस बेदम नजर आई तो आम आदमी पार्टी (AAP) अपना खाता भी नहीं खोल सकी. मंगलवार को घोषित नतीजों के मुताबिक गांधीनगर नगर निगम (GMC) चुनाव में भाजपा ने 44 में से 38 सीटों पर कब्जा जमाया.

कांग्रेस को महज 5 सीटें मिलीं, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार ने जीती. AAP इस बार पूरी तरह खाली हाथ रही. पिछले 2021 के चुनाव में भाजपा ने 41, कांग्रेस 2 और AAP ने 1 सीट जीती थी. बनासकांठा जिले की थारा नगरपालिका में भाजपा ने 24 में से 19 सीटें जीतीं, कांग्रेस को 5 मिलीं.

देवभूमि द्वारका की ओखा नगरपालिका में 32 सीटों में से भाजपा ने 29 और कांग्रेस ने 3 सीटें हासिल कीं. ओखा में 4 सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए. कुल मिलाकर भाजपा ने तीनों शहरी निकायों पर अपना कब्जा बरकरार रखा. ये नतीजे आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं.

राष्ट्रीय स्तर पर CJP और कांग्रेस की अगुआई में विपक्ष के हमलों (नीट पेपर लीक और SIR मुद्दे) के बीच गुजरात से मिली यह जीत भाजपा कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ा सकती है. इससे पहले राजस्थान के निकाय चुनावों में भी भाजपा को अच्छी सफलता मिली थी. रविवार को हुए इन चुनावों की वोट गिनती मंगलवार सुबह शुरू हुई थी. भाजपा ने तीनों निकायों में सत्ता बरकरार रखते हुए अपनी मजबूत पकड़ दोहराई है.

Recent News