नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल के खड़गपुर सदर से बीजेपी विधायक और बंगाली फिल्म अभिनेता हिरण चट्टोपाध्याय (

) ने हाल ही में दूसरी शादी की है. उन्होंने मॉडल ऋतिका गिरी से वाराणसी में हिंदू परंपरा के अनुसार विवाह किया. सोशल मीडिया पर उन्होंने अपनी दुल्हन के साथ फोटो शेयर कीं, जिसमें वे पारंपरिक पोशाक में नजर आए.

हिरण की पहली पत्नी अनिंदिता चट्टोपाध्याय ने इस शादी पर गंभीर आपत्ति जताई है. उन्होंने दावा किया कि उनकी और हिरण की शादी 11 दिसंबर 2000 को हुई थी, और अभी तक कोई कानूनी तलाक या अलगाव नहीं हुआ है. उनके एक 19 साल की बेटी भी है. अनिंदिता का कहना है कि ऋतिका उनकी बेटी से महज दो साल बड़ी है, जिस वजह से यह रिश्ता उन्हें अस्वीकार्य लगता है. उन्होंने आरोप लगाया कि हिरण ने विधायक बनने के बाद से ही ऋतिका के साथ संबंध शुरू कर दिए थे, लेकिन घर में झूठ बोलते रहे. लंबे समय से वे मानसिक और अन्य तरह के अत्याचार सहती रहीं, लेकिन बेटी और परिवार की इज्जत के लिए चुप रहीं.

अनिंदिता ने इस मामले में कोलकाता के आनंदपुर थाने में हिरण और ऋतिका के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. उनका कहना है कि यह दूसरी शादी कानूनी रूप से अवैध है, क्योंकि पहला विवाह अभी भी वैध है. उन्होंने कहा कि अब वे चुप नहीं रह सकतीं और आवाज उठानी पड़ेगी.

दूसरी ओर, ऋतिका गिरी ने सोशल मीडिया पर जवाब देते हुए दावा किया कि वे हिरण के साथ पिछले 5 साल से साथ हैं, अनिंदिता को सब पता था, और उन्हें तलाक का लीगल नोटिस भी भेजा जा चुका है. उन्होंने शादी को पवित्र बताया और कहा कि अग्नि साक्षी के सामने रस्में पूरी हुईं. बाद में ऋतिका ने अपना कुछ पोस्ट डिलीट भी कर दिया.

हिरण चट्टोपाध्याय ने अभी तक इस विवाद पर कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की है. राज्य बीजेपी की ओर से भी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया. यह घटना खासकर विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी के लिए असुविधाजनक साबित हो रही है, क्योंकि हिरण को पार्टी में दिलीप घोष ने लाया था.