नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के धार जिले में धरमपुरी विधानसभा से भाजपा विधायक कालू सिंह ठाकुर पर सोमवार दोपहर को गंभीर हमला हुआ. विधायक अपने सुरक्षा गार्ड के साथ ग्राम सिरसोदिया के फोरलेन के पास एक यात्री प्रतीक्षालय के पीछे स्थित अपने खेत पर मौजूद थे, जहां कुछ काम चल रहा था.
करीब 11:45 बजे पड़ोसी प्रिंस उर्फ पिंटू (पिता संतोष गिरवाल), गेंदाबाई (पति संतोष गिरवाल) और रंजू (पति शंकर गिरवाल) वहां पहुंचे. उन्होंने विधायक से कहा कि यह जमीन उनकी है और वे यहां क्यों आए हैं.
इसके बाद आरोपियों ने विधायक को गालियां देनी शुरू कर दीं. प्रिंस ने एक पत्थर उठाकर विधायक के सिर पर दे मारा, जिससे सामने की तरफ गहरी चोट आई और खून बहने लगा. विधायक के मुताबिक गेंदाबाई और रंजू ने भी उन पर हमला किया और मारपीट की. घायल होने के बाद विधायक को तुरंत धामनोद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया. विधायक कालू सिंह ठाकुर ने इस घटना को राजनीतिक भेदभाव से जोड़ा है.
उन्होंने कहा कि उनकी किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है, लेकिन पिछली बार भी जब वे विधायक थे, तब उन पर गोली चलाई गई थी और 307 का केस दर्ज होने पर दोषियों को सजा हुई थी. अब फिर से हमला हुआ है.
धामनोद थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे ने बताया कि विधायक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. अभी तक दूसरे पक्ष से कोई शिकायत नहीं आई है और पुलिस विवाद की पूरी जानकारी जुटा रही है. यह घटना विधायक के हाल के विवादास्पद मामलों के बीच हुई है, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक तनाव बढ़ सकता है.