सज्जन कुमार की शोक सभा में जाना पड़ा महंगा! बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने दिल्ली के 3 सांसदों को लगाई कड़ी फटकार

Amanat Ansari 29 Aug 2026 04:50 PM 1 Mins
सज्जन कुमार की शोक सभा में जाना पड़ा महंगा! बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने दिल्ली के 3 सांसदों को लगाई कड़ी फटकार

नई दिल्ली: 1984 के सिख विरोधी दंगों के दोषी कांग्रेस नेता सज्जन कुमार की शोक सभा में शामिल होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन लोकसभा सांसदों पर पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कड़ी नाराजगी जताई है. पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नवीन ने तीनों सांसदों को तलब कर फटकार लगाई है. पश्चिमी दिल्ली की सांसद कमलजीत सहरावत, दक्षिण दिल्ली के सांसद रामबीर सिंह बिधूड़ी और उत्तर-पश्चिम दिल्ली के सांसद योगेंद्र चंदोलिया हाल ही में सज्जन कुमार के घर जाकर उनके परिजनों से मिले थे. इस कदम पर भाजपा अध्यक्ष ने अपनी नाराजगी स्पष्ट रूप से जाहिर की है.

एचएस फुलका ने की थी निंदा

हाल ही में भाजपा में शामिल हुए वरिष्ठ वकील एचएस फुलका ने भी इन तीनों सांसदों के सज्जन कुमार के घर जाने की कड़ी निंदा की थी. फुलका 1984 के सिख-विरोधी दंगों के पीड़ितों के प्रमुख वकील रहे हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा सिख विरोधी दंगा पीड़ितों के न्याय की लड़ाई का समर्थन किया है. ऐसे में दोषी सज्जन कुमार की शोक सभा में जाना आपत्तिजनक है. फुलका ने इन तीनों सांसदों के बहिष्कार की भी मांग की थी.

सज्जन कुमार का निधन

सज्जन कुमार का 20 अगस्त को तिहाड़ जेल में निधन हो गया था. वे 80 वर्ष के थे और उम्रकैद की सजा काट रहे थे. 1984 के सिख विरोधी दंगों में सिखों की हत्या के मामलों में उन्हें दोषी ठहराया गया था. दिल्ली हाईकोर्ट ने 2018 में एक मामले में उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई थी.

फरवरी 2025 में एक अन्य मामले में भी अदालत ने उन्हें उम्रकैद की सजा दी थी. वे तीन बार लोकसभा सांसद रह चुके थे और बाहरी दिल्ली क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते थे. पार्टी के अंदर इस मुद्दे पर नाराजगी साफ दिख रही है.

Nitin Nabin BJP Sajjan Kumar Sajjan Kumar prayer meeting

Recent News