सोनभद्र : उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में एक संदिग्ध सड़क हादसे के रूप में सामने आई मौत की वारदात का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक, प्रेम-प्रसंग के चलते रमाशंकर मिश्रा की हत्या की गई थी. मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
जानकारी के अनुसार, रमाशंकर मिश्रा एनसीएल बीना परियोजना में सीनियर ओवरमैन के पद पर तैनात थे. उनका शव शक्तिनगर क्षेत्र में बीना स्टेडियम/जमशीला के पास सड़क किनारे मिला था. शुरुआत में मामला सड़क हादसे का प्रतीत हुआ, लेकिन पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो कई संदिग्ध तथ्य सामने आए.
पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान मृतक की पत्नी के प्रेम-प्रसंग की बात सामने आई. आरोप है कि रमाशंकर ने पत्नी और उसके प्रेमी को घर पर देख लिया था, इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ. पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान रमाशंकर के साथ मारपीट की गई और उनका गला दबाया गया, जिससे उनकी मौत हो गई.
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपियों ने वारदात को हादसे का रूप देने की कोशिश की. शव को चादर और गमछे में लपेटा गया, इसके बाद पत्नी के प्रेमी ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर शव को सड़क किनारे फेंक दिया. पुलिस ने जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा करने का दावा किया है.
चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल सामान और वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है. मामले के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.