लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी के भीतर टिकटों को लेकर बड़ा मंथन शुरू हो गया है. पार्टी के इंटरनल सर्वे में पूर्वांचल के कई मौजूदा विधायकों को लेकर जनता और स्थानीय संगठन में नाराजगी सामने आने की बात कही जा रही है. सूत्रों के मुताबिक, पूर्वांचल में करीब 75 फीसदी मौजूदा बीजेपी विधायकों के टिकट पर कैंची चल सकती है. पार्टी इस बार चेहरे बदलकर एंटी-इनकंबेंसी को खत्म करने की रणनीति पर काम कर रही है. पूर्वांचल बीजेपी के लिए बेहद अहम है.
वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही, गाजीपुर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, अयोध्या, सुल्तानपुर, अमेठी, प्रतापगढ़, कौशांबी, अंबेडकरनगर, गोंडा, बहराइच और बलरामपुर जैसे जिलों में टिकट बदलने का असर सीधे चुनावी गणित पर पड़ सकता है.
सर्वे में जिन विधायकों को लेकर लगातार शिकायतें मिली हैं, उनमें जनता से दूरी, क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर असंतोष, कार्यकर्ताओं की उपेक्षा, संगठन में गुटबाजी और स्थानीय स्तर पर पकड़ कमजोर होने जैसे मुद्दे प्रमुख बताए जा रहे हैं. बीजेपी ऐसे चेहरों की जगह संगठन से जुड़े नए नेताओं, मजबूत सामाजिक समीकरण वाले उम्मीदवारों और जमीनी पकड़ रखने वाले चेहरों को मौका देने की तैयारी में है.
सीटों के गणित की बात करें तो पूर्वांचल की करीब 160 विधानसभा सीटों को बीजेपी अपने लिए सबसे बड़ा टारगेट मान रही है. अंदरूनी रणनीति के मुताबिक पार्टी 75 से 85 सीटों तक पहुंचने का लक्ष्य रख सकती है. वाराणसी- मिर्जापुर बेल्ट में करीब 15 सीट, गोरखपुर-बस्ती क्षेत्र में 20 के आसपास, जबकि गाजीपुर-आजमगढ़-मऊ-बलिया बेल्ट में 10-12 सीटों पर बढ़त बनाने की कोशिश होगी.
यानी 2027 में बीजेपी का फॉर्मूला साफ है कि पुराने चेहरों पर भरोसा कम, नए चेहरों पर दांव ज्यादा. अगर इंटरनल सर्वे के संकेत टिकट वितरण तक पहुंचे तो पूर्वांचल में बीजेपी की पूरी चुनावी टीम का चेहरा बदल सकता है.