25-30 गाड़ियां, काफिले में दबदबा, टोल पर हंगामा! उमर के काफिले पर गंभीर आरोप, दर्ज हुआ मुकदमा

Global Bharat 10 Aug 2026 12:05: PM 1 Mins
25-30 गाड़ियां, काफिले में दबदबा, टोल पर हंगामा! उमर के काफिले पर गंभीर आरोप, दर्ज हुआ मुकदमा

प्रयागराज : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के बेटे मोहम्मद उमर के काफिले से जुड़े वाहनों पर नवाबगंज टोल प्लाजा पर टोल टैक्स न देने और सरकारी बैरियर क्षतिग्रस्त करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है. नवाबगंज टोल प्लाजा के असिस्टेंट मैनेजर जयप्रकाश यादव की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

तहरीर के मुताबिक, घटना 8 अगस्त की दोपहर करीब 3:50 बजे एनएच-19 स्थित नवाबगंज टोल प्लाजा की है. उस समय टोल बूथ नंबर तीन पर कंप्यूटर ऑपरेटर अजीत और हेल्पर अंशुमन शुक्ला ड्यूटी पर तैनात थे. इसी दौरान मोहम्मद उमर पुत्र अतीक अहमद को पुलिस अभिरक्षा में लखनऊ जेल से पुलिस एस्कॉर्ट के जरिए ले जाया जा रहा था.

आरोप है कि सरकारी वाहनों के गुजरने के बाद काफिले के पीछे कई निजी वाहन भी टोल प्लाजा पहुंचे, इनमें सफेद रंग की महिंद्रा एक्सयूवी और काले रंग की क्रेटा  समेत करीब 25 से 30 अन्य वाहन शामिल थे. आरोप है कि इन वाहनों ने टोल टैक्स अदा किए बिना तेज रफ्तार में बूम बैरियर को तोड़ते हुए निकलने की कोशिश की.

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि टोल कर्मचारियों ने वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो उन्हें गालियां दी गईं और धमकी दी गई. कर्मचारियों पर वाहन चढ़ाने की कोशिश का भी आरोप है. कर्मचारियों ने पीछे हटकर अपनी जान बचाई.

असिस्टेंट मैनेजर ने एफआईआर में टोल टैक्स न देने वाले कई वाहनों के नंबर भी दर्ज कराए हैं. पुलिस के मुताबिक, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और राजस्व की क्षति के आरोपों की जांच की जा रही है. एफआईआर में दर्ज वाहनों के नंबरों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Atiq Ahmed Son Umar Umar Ahmed Convoy Nawabganj Toll Plaza Toll Tax Dispute Umar Ahmed FIR

Description of the author

Recent News