बिलासपुर: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा की फोटो पर काला जादू और तांत्रिक क्रिया करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र के देवरी गांव स्थित मुक्तिधाम (श्मशान घाट) में शुक्रवार देर रात चार युवकों ने यह क्रिया की.
ग्रामीणों को जब इसकी जानकारी हुई तो वे मौके पर पहुंच गए. भीड़ ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि तीन अन्य फरार हो गए. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.
मौके पर क्या-क्या मिला?
पुलिस को श्मशान घाट पर चीफ जस्टिस की फोटो के साथ मरी मछली, नींबू, सिंदूर, नारियल और तांत्रिक पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री मिली. चीफ जस्टिस के अलावा दो अन्य लोगों की तस्वीरें भी वहां रखी गई थीं. पकड़े गए युवक ने पूछताछ में बताया कि वह खुद इन बातों पर विश्वास नहीं करता, लेकिन उसका एक रिश्तेदार चाकूबाजी के मामले में जेल में बंद है. हा
ईकोर्ट में उसकी जमानत याचिका लंबित है. सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आए एक कथित तांत्रिक ने कहा था कि श्मशान घाट में चीफ जस्टिस की फोटो रखकर तांत्रिक क्रिया करने से जमानत मिल सकती है. इसी उम्मीद में चार युवक देर रात मुक्तिधाम पहुंचे थे. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार युवकों की तलाश में जुटी है.